बिजनेस

Multibagger Stock: एक महीने में 136% भागा शेयर, सिर्फ ₹25 लाख बिक्री और ₹10 करोड़ मुनाफा, आखिर क्या करती है ये कंपनी?

शेयर बाजार में कई कंपनियों के शेयर और उनके नतीजे हैरान कर देते हैं। ऐसी ही एक कंपनी Advance Multitech है, जिसके शेयर ने 1 महीने में 136% का रिटर्न दिया है। वहीं, इसके नतीजे और भी चौाकाने वाले हैं।

Image

मल्टीबैगर रिटर्न लेकिन नतीजों ने बढ़ाई चिंता

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।Multibagger Stock: शेयर बाजार में इन दिनों एक स्मॉलकैप स्टॉक जबरदस्त चर्चा में है। Advance Multitech Ltd के शेयर ने महज एक महीने में 136% से ज्यादा की छलांग लगाकर निवेशकों का ध्यान खींच लिया है। 26 अक्टूबर, 2026 को ₹288.85 पर कारोबार करने वाला यह शेयर 23 नवंबर, 2026 को ₹682.15 के स्तर पर पहुंच गया। यानी एक महीने में शेयर की कीमत ₹393.30 बढ़ गई। पिछले 6 महीनों में तो इसने 1,000% से ज्यादा का रिटर्न दिया है।

लेकिन इस शेयर की तेजी से ज्यादा दिलचस्प कहानी कंपनी के तिमाही नतीजों में छिपी है। कंपनी ने सितंबर 2026 तिमाही में करीब ₹10.38 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जबकि इसी दौरान उसकी मुख्य कारोबार से बिक्री महज ₹25.25 लाख रही। आखिर इतनी कम बिक्री के बावजूद कंपनी ने करोड़ों का मुनाफा कैसे कमाया?

₹25 लाख की बिक्री, ₹10.38 करोड़ का मुनाफा

Advance Multitech ने 6 नवंबर, 2026 को सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। इन आंकड़ों में कंपनी की कमाई का एक अलग ही गणित दिखाई दिया। कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू यानी मुख्य कारोबार से आय सिर्फ ₹25.25 लाख रही। इसके मुकाबले Other Income यानी गैर-संचालन आय ₹10.43 करोड़ दर्ज की गई। इस तरह कंपनी की कुल आय करीब ₹10.68 करोड़ रही और शुद्ध मुनाफा ₹10.38 करोड़ तक पहुंच गया। जबकि, एक साल पहले सितंबर 2025 तिमाही में कंपनी को ₹72.10 लाख का घाटा हुआ था। वहीं, जून 2026 तिमाही में कंपनी ने ₹4.28 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था। पिछली कई तिमाही से कंपनी की अदर इनकम लगातार बढ़ रही है। लेकिन, यह अदर इनकम कहां से मिल रही है, कंपनी ने इसका ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया है।

क्या काम करती है Advance Multitech?

गुजरात के अहमदाबाद में स्थित Advance Multitech की स्थापना 1979 में हुई थी। कंपनी मुख्य रूप से इंडस्ट्रियल रबर और कोटेड फैब्रिक उत्पादों के कारोबार से जुड़ी है। इसके प्रमुख उत्पादों में टेक्सटाइल प्रिंटिंग ब्लैंकेट्स, रबर कोटेड फैब्रिक्स, रबर शीट्स और औद्योगिक इस्तेमाल वाले कन्वेयर बेल्ट शामिल हैं। इन उत्पादों का इस्तेमाल टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग, कंस्ट्रक्शन और दूसरे औद्योगिक क्षेत्रों में होता है। कंपनी टेक्सटाइल मशीनरी की बिक्री भी करती है। इसके उत्पादों का इस्तेमाल फैक्ट्रियों, रिफाइनरी, फार्मास्यूटिकल और अन्य औद्योगिक संस्थानों में होता है।

₹38.90 करोड़ के वारंट भी चर्चा में

कंपनी ने 27 अक्टूबर, 2026 को 97.25 लाख फुली कन्वर्टिबल वारंट FCW जारी करने का फैसला किया। इनकी कीमत ₹40 प्रति वारंट तय की गई। इस तरह कंपनी को इनके पूर्ण रूपांतरण पर करीब ₹38.90 करोड़ जुटाने की संभावना है। शुरुआती 25% भुगतान के रूप में करीब ₹9.73 करोड़ मिलने हैं। अगर सभी वारंट शेयरों में बदलते हैं तो कंपनी की कुल शेयर संख्या बढ़ेगी। इससे मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी में डाइल्यूशन होना भी तय है।

निवेशकों को क्या ध्यान रखना चाहिए?

Advance Multitech के शेयर में तेजी जरूर आकर्षक दिख रही है, लेकिन कंपनी के नतीजे एक अहम सवाल भी खड़ा करते हैं। क्या आने वाले समय में कंपनी अपने मुख्य कारोबार की बिक्री बढ़ाकर नियमित मुनाफा कमा पाएगी? फिलहाल ₹25 लाख की बिक्री के मुकाबले ₹10.38 करोड़ का मुनाफा यह बताता है कि कंपनी की कमाई का बड़ा हिस्सा Other Income पर निर्भर रहा। ऐसे में निवेशकों को केवल शेयर के रिटर्न या EPS देखकर फैसला नहीं करना चाहिए। तेजी के आंकड़े अपनी जगह हैं, लेकिन किसी कंपनी की लंबी अवधि की मजबूती उसके मुख्य कारोबार से होने वाली कमाई से ही साबित होती है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article