देश

VIDEO: 'चाचा को चोर कहा तो लड़के को जड़ दिया थप्पड़...', जब प्रियंका गांधी ने सुनाया बचपन का किस्सा, राहुल गांधी ने क्या कहा?

प्रियंका गांधी ने अपने बचपन का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में एक बच्चे ने उनके चाचा संजय गांधी को चोर कहा था। यह सुनकर प्रियंका को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने उस बच्चे को थप्पड़ जड़ दिया। राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ बातचीत के दौरान प्रियंका ने 1977 के चुनाव के बाद के दिनों की यह घटना सुनाई।

Image

राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी के साथ बचपने के दिनों को किया याद। Rahul Gandhi X handle

When Priyanka Gandhi Slapped Boy: कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने बचपन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा शेयर किया है। दरअसल, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ चर्चा करते नजर आ रहे हैं। तीनों साथ में पुराने किस्से याद कर रहे हैं।

इसी बीच प्रियंका गांधी ने बचपन का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि स्कूल में एक बच्चे ने उनके चाचा संजय गांधी को चोर कह दिया था। यह सुनकर प्रियंका को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने उस बच्चे को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। बाद में इस घटना को लेकर टीचर ने उन्हें डांट भी लगाई थी।

'तेरा चाचा जेल में है, चोर है तेरा चाचा'

वीडियो में राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका से पूछते हैं कि क्या उन्हें वह दिन याद है, जब चुनाव हारने के बाद वे पहली बार स्कूल गए थे? इस पर प्रियंका कहती हैं कि उन्हें वह घटना अच्छी तरह याद है। प्रियंका गांधी ने बताया कि स्कूल में एक छोटा बच्चा उनके पास आया और बोला, 'तेरा चाचा जेल में है, चोर है तेरा चाचा।' यह सुनते ही प्रियंका को गुस्सा आ गया और उन्होंने उस बच्चे को जोरदार थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने के बाद बच्चा रोने लगा। इसके बाद टीचर ने प्रियंका को डांटा और उनकी मां को भी स्कूल बुलाया गया।

इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद का था किस्सा

प्रियंका गांधी ने जिस घटना का जिक्र किया, वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद के दिनों से जुड़ी है। साल 1977 के लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी की अगुवाई वाली कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। इमरजेंसी के बाद हुए इस चुनाव में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई थी। इस दौरान संजय गांधी को लेकर भी राजनीतिक विवाद और आलोचनाएं हो रही थीं।

प्रियंका ने बताया कि उस समय परिवार के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण था। चुनाव में हार के बाद परिवार को दूसरे घर में शिफ्ट होना पड़ा था। स्कूल में भी बच्चों की टिप्पणियों का सामना करना पड़ता था।

राहुल गांधी ने भी सुनाया स्कूल का किस्सा

इस बातचीत में राहुल गांधी ने भी अपने स्कूल के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि स्कूल में प्रियंका और उनके व्यवहार में काफी अंतर था। प्रियंका जहां नियमों का पालन करने वाली और अनुशासित छात्रा थीं, वहीं राहुल खुद को बागी किस्म का बताते हैं।

राहुल ने कहा कि प्रियंका स्कूल में प्रीफेक्ट थीं, जबकि वह सुपर प्रीफेक्ट थे। उन्होंने बताया कि वह अक्सर सवाल पूछते थे और अपनी ही दुनिया में खोए रहते थे। राहुल ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद जब वह स्कूल पहुंचे तो उनके बगल में कोई नहीं बैठा था। वहां एक खाली जगह थी। वह सोचते रहे कि उनके पास कोई क्यों नहीं बैठ रहा, लेकिन उन्होंने किसी से कुछ नहीं कहा।

सोनिया गांधी की किताब पर हुई चर्चा

यह बातचीत सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' को लेकर हुई। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि उन्होंने और प्रियंका ने अपनी मां के साथ बैठकर किताब से जुड़े कई पुराने किस्सों पर चर्चा की। राहुल गांधी के मुताबिक, 500 से ज्यादा पन्नों की किताब में भी कुछ बातें ऐसी हैं, जिन्हें उनकी मां ने शामिल नहीं किया है। इस बातचीत में परिवार के पुराने दिनों, इंदिरा गांधी की चुनावी हार और राजीव गांधी की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article