शहर

पंचायत चुनाव हार के बाद राजस्थान BJP में सियासी घमासान, किरोड़ी लाल मीणा के इस बयान ने छेड़ी नेतृत्व परिवर्तन की बहस

राजस्थान पंचायत चुनाव में बीजेपी की हार के बाद कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि चेहरा बदलकर भी चुनाव जीता जा सकता है।

Image

राजस्थान में CM बदलने की चर्चा के बीच किरोड़ी लाल मीणा का बयान

Photo : PTI

राजस्थान में पंचायत चुनावों में बीजेपी को मिले झटके के बाद पार्टी के भीतर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने हरियाणा में हुए नेतृत्व परिवर्तन का उदाहरण देकर कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदलकर भी चुनाव जीता जा सकता है। हालांकि, उन्होंने राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की कोई सीधी मांग नहीं की। लेकिन उनके बयान को प्रदेश में नेतृत्व से जोड़कर देखा जा रहा है।

BJP प्रदेश कार्यालय में मदन राठौड़ से मिले किरोड़ी

दरअसल, किरोड़ी लाल मीणा बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया ने उनसे पंचायत चुनावों में पार्टी की हार के कारणों को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल हार के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पार्टी इन नतीजों की समीक्षा करेगी और कमियों को दूर करने के लिए मंथन करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी दोबारा जनता का विश्वास जीतने का प्रयास करेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हार की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से सभी को लेनी चाहिए।

हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन का दिया उदाहरण

पंचायत चुनाव के नतीजों का आगामी विधानसभा चुनाव पर असर पड़ने से जुड़े सवाल पर किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि चेहरा बदलकर भी जीत हासिल की जा सकती है। उन्होंने इसके लिए हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटाकर नायब सिंह सैनी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में फिर से जीत हासिल की।

राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा को मिली हवा

किरोड़ी लाल मीणा ने अपने बयान में राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की न तो सीधे तौर पर मांग की और न ही कोई स्पष्ट सुझाव दिया। हालांकि, हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन का जिक्र कर उन्होंने राजस्थान में भी नेतृत्व को लेकर राजनीतिक चर्चा को हवा दे दी है। पंचायत चुनावों में हार के बाद आए इस बयान को पार्टी के भीतर चल रहे मंथन के बीच अहम माना जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article