देश

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले को सिर्फ स्पीडी ट्रायल पर नहीं मिलेगी जमानत, हाईकोर्ट का आदेश पलटा

Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने हत्या के एक मामले में आरोपी को जमानत देने वाला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का आदेश रद्द कर दिया और कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और पहले किसी मामले में सजा पा चुके व्यक्ति को सिर्फ त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं मिल सकती।

Image

सुप्रीम कोर्ट (फोटो साभार- PTI)

Supreme Court News: उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और पहले किसी मामले में सजा पा चुके व्यक्ति को सिर्फ त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं मिल सकती। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने हत्या के एक मामले में आरोपी को जमानत देने वाला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का आदेश रद्द करते हुए यह बात कही। पीठ ने कहा, "त्वरित सुनवाई के अधिकार को हमेशा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 का हिस्सा माना गया है, लेकिन जब आरोपी किसी गंभीर अपराध में शामिल हो तो उसके अधिकारों के साथ पीड़ित और उसके परिवार के हितों समेत समाज के हितों को भी देखना जरूरी है।"

'पीड़ित के हितों को ध्यान में रखना जरूरी'

पीठ ने कहा कि ऐसा लगता है कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान न तो उच्च न्यायालय को आरोपी के पहले दोषी ठहराए जाने की जानकारी दी गई और न ही अन्य आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका का ब्योरा उसके सामने रखा गया। शीर्ष अदालत ने 18 नवंबर के अपने आदेश में कहा, "आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और पहले दोषी ठहराए जा चुके व्यक्ति को केवल त्वरित सुनवाई के उसके अधिकार के आधार पर जमानत पर नहीं छोड़ा जा सकता।" अदालत ने कहा, "त्वरित सुनवाई के अधिकार और समाज के हितों के बीच संतुलन बनाना अदालत का कर्तव्य है, खासकर तब जब कोई व्यक्ति कई अपराधों में शामिल हो और उसने उच्च न्यायालय के सामने गलत जानकारी देकर जमानत ली हो।"

शीर्ष अदालत ने मृतक के पिता की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। पिता ने आरोपी को जमानत देने वाले उच्च न्यायालय के जनवरी 2026 के आदेश को चुनौती दी थी। पीठ ने कहा कि उच्च न्यायालय ने आरोपी को इस आधार पर जमानत दी थी कि वह पांच साल से अधिक समय से जेल में था। शिकायतकर्ता ने दलील दी कि उच्च न्यायालय को आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि समेत मामले के सभी जरूरी पहलुओं पर विचार करना चाहिए था, खासकर इस तथ्य पर कि आरोपी को पहले हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका था।

जमानत के लिए झूठी जानकारी देना पड़ा भारी

आरोपी की ओर से पेश वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल ने उच्च न्यायालय में दायर जमानत याचिका में अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि का जिक्र किया था। शीर्ष अदालत ने कहा कि आरोपी ने उच्च न्यायालय में दायर अपनी जमानत याचिका में दो जगहों पर यह दावा किया था कि मौजूदा मामले के अलावा वह किसी और मामले में शामिल नहीं है। न्यायालय ने कहा कि आरोपी ने यह तथ्य छिपाया कि उसे पहले उसी व्यक्ति की हत्या के प्रयास के मामले में दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी, जिसकी मौजूदा मामले में मौत हुई है। पीठ ने कहा कि आरोपी ने मौजूदा अपराध उस समय किया था, जब वह हत्या के प्रयास के उस मामले में जमानत पर था जिसमें उसे बाद में दोषी ठहराया गया। अदालत ने कहा कि उच्च न्यायालय को मुकदमे की सुनवाई लंबित रहने के दौरान आरोपी को जमानत नहीं देनी चाहिए थी। पीठ ने याचिका स्वीकार करते हुए उच्च न्यायालय का आदेश रद्द कर दिया और आरोपी को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article