Noida News: नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में मंगलवार तड़के 11वीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार लोटस ब्लूवर्ल्ड सोसाइटी की 19वीं मंजिल से गिरने के बाद उसकी जान चली गई। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पढ़ाई को लेकर तनाव की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 3 बजे छात्रा के 19वीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से गिरने की सूचना मिली थी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छात्रा ने रात में परिवार के साथ खाना खाया था। उस समय तक सब कुछ सामान्य बताया गया। बताया जा रहा है कि छात्रा पिछले कुछ दिनों से पढ़ाई को लेकर मानसिक तनाव में चल रही थी। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मोबाइल फोन की जांच कर रही पुलिस
पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है। साथ ही परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और मौत की वजह का पता लगाया जा सके।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा अपने परिवार के साथ लोटस ब्लूवर्ल्ड सोसाइटी में रहती थी। उसके पिता एक निजी कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी हैं। परिवार मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला बताया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
