शहर

Delhi News: हो गया साउथ दिल्ली के जाम का 'इंतजाम', यहां बनेगा 8 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर

Delhi News: साउथ दिल्ली की एमबी रोड पर 8.14 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस कॉरिडोर में चार फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जो साकेत, संगम विहार, खानपुर और बदरपुर के बीच ट्रैफिक के दबाव को कम करेंगे।

Image

साउथ दिल्ली को मिलेगा ट्रैफिक जाम से मुक्त करने वाला एलिवेटेड कॉरिडोर

Delhi News: साउथ दिल्ली अपने बड़े-बड़े बाजारों के लिए मशहूर है। यहां का ट्रैफिक जाम भी मशहूर है और अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं तो दक्षिण दिल्ली के ट्रैफिक जाम में फंसे भी होंगे। रोजाना यहां के ट्रैफिक जाम से जूझने वाले आप जैसे लोगों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली सरकार ने महरौली-बदरपुर (MB) रोड पर लगभग 8 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर की योजना बनाई है।

MB रोड पर बनने वाले इस 8 किमी लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के तहत चार फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जो साकेत से बदरपुर तक ट्रैफिक की स्थिति सुधारने में मदद करेंगे। इस परियोजना से अंबेडकर नगर, खानपुर, संगम विहार और पुल प्रहलादपुर जैसे इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) को चार में से दो फ्लाईओवर के लिए कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। इन दोनों परियोजनाओं पर 1471 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। वहीं, बाकी दो फ्लाईओवर के लिए DPR तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। इनकी DPR जनवरी 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है।

MB रोड पर कहां-कहां बनेंगे चार फ्लाईओवर?

पूरे एलिवेटेड कॉरिडोर को चार हिस्सों में बांटा गया है। इनकी कुल लंबाई करीब 8.14 किलोमीटर होगी।

  • साकेत जी-ब्लॉक से संगम विहार : इस हिस्से में 2.41 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। परियोजना का 50 फीसद से ज्यादा काम पूरा भी हो चुका है। यह एकीकृत फ्लाईओवर होगा, जिसे DMRC बना रहा है। इसका निर्माण अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन के ऊपर किया जा रहा है।
  • मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रहलादपुर : इस हिस्से में 2.56 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसके लिए बजट भी स्वीकृत है। हालांकि, जमीन हस्तांतरण को लेकर परेशानी सामने आई है। PWD ने DDA से जरूरी जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
  • संगम विहार से मां आनंदमयी मार्ग : इस हिस्से में 2.72 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर प्रस्तावित है। फिलहाल इसकी योजना और तकनीकी अध्ययन किया जा रहा है।
  • पुल प्रहलादपुर से बदरपुर : इस हिस्से में लगभघ 450 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने की योजना है। इसके लिए भी कंसल्टेंट नियुक्त किए गए हैं।

इन इलाकों के लोगों को होगा फायदा

MB रोड साउथ दिल्ली की प्रमुख सड़क है। यहां भारी ट्रैफिक के चलते खास तौर पर व्यस्त समय में गाड़ियों की लंबी कतार लग जाती है। चारों फ्लाईओवर तैयार होने के बाद साकेत, अंबेडकर नगर, खानपुर, संगम विहार और पुल प्रहलादपुर के बीच आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। इससे लोगों का सफर का समय बच सकता है और सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम हो सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article