शहर

आज का मौसम : 22, 23 अक्टूबर को आएगा चक्रवाती तूफान, गिरेगी बिजली बारिश होगी मूसलाधार; IMD का खतरनाक अलर्ट

Aaj Ka Mausam, 22 अक्टूबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मौसम विभाग ने उत्तर भारत में मौसम सामान्य रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, हल्के बादलों की आवाजाही के संकेत मिल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मेघ गर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी की चादर बिछने का अलर्ट है, जिसके प्रभाव से मैदानी इलाकों का तापमान गिरने का अनुमान है। आने वाले सप्ताह में कोहरे के साथ सर्दी का सितम झेलना पड़ सकता है। आईएमडी ने दक्षिण भारत में दक्षिण-पूर्व अरब सागर में चक्रवाती परिसंचरण बनने से चक्रवाती तूफान और भीषण बारिश के साथ कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और पुडुचेरी में अगले 2 दिन तेज मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी।

Image

कल का मौसम

आज का मौसम कैसा रहेगा 22 अक्टूबर 2025 : पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों के बरसने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक तीनों राज्यों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है, जिससे पारा धड़ाम से गिरेगा और सर्दी का सितम शुरू होगा। इधर, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम साफ रहेगा, लेकिन बीच-बीच में धूप-छांव का खेल जारी रहेगा। हालांकि, मौसम विभान ने बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है पर अब 22 अक्टूबर की सुबह से तापमान में गिरावट और कोहरे की परत नजर आएगी, जिससे सर्दी एहसास बढ़ेगा। वहीं, दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई और उत्तर-पूर्व मानसून की शुरुआत से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज हैं। अरब सागर में चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने से केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आंधी तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। उधर, पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम की मार पड़ सकती है।

यूपी में कल मौसम का हाल कैसा रहेगा

उत्तर प्रदेश में धूप-छांव का खेल जारी है। कई जिलों में आसमान में बादलों की आवाजाही देखी जा रही है, लेकिन कोई मौसमी गतिविधि होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 2 से 4 दिन तक मौसम शुष्क रहने की बात कही है, जिससे दिन में मामूली गर्मी का एहसास हो सकता है। हालांकि, अब दिवाली गुजरने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। 22 अक्टूबर से सर्दी के ग्राफ में ऊंचाई शुरू होगी। चूंकि, पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है, जिसका आंशिक प्रभाव यूपी के कुछ जिलों में पड़ने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, अब धीरे-धीरे सुबह कोहरे की लेयर मोटी होती जाएगी और अक्टूबर के अंत तक ठीक ठाक धुंधलापन महसूस होगा। अनुमान है कि इस सप्ताह के अंत तक हल्की हवाएं चलें और सर्दी में थोड़ा इजाफा हो। इधर, दिवाली के पटाखों ने शहरों से लेकर कस्बों और गांवों तक आबोहवा को प्रदूषित किया है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली21°C31°C
मुंबई28°C33°C
जयपुर 22°C30°C
भोपाल21°C30°C
लखनऊ24°C33°C
पटना24°C33°C
देहरादून16°C28°C
शिमला11°C23°C
कश्मीर8°C21°C
चण्डीगढ़18°C31°C
बेंगलुरु21°C25°C

दिल्ली में कल मौसम प्रदूषण का कैसा रहेगा

दिल्ली की आबोहवा में दिवाली के पटाखों ने जहर घोल दिया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 359 रहा, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। कुल 38 निगरानी केंद्रों में से 35 'रेड जोन' में थे, जो बेहद खराब से गंभीर वायु गुणवत्ता को दर्शाता है। जहांगीरपुरी में एक्यूआई 409, वजीरपुर में 408, बवाना में 432 और बुराड़ी में 405 दर्ज किया गया। अनुमान है कि बुधवार को वायु गुणवत्ता और अधिक खराब होकर गंभीर श्रेणी को पार कर सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन लगातार खतरनाक तरीके से बढ़ रहे प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए कृत्रिम बारिश की जरूरत महसूस होने लगी है। आईएमडी ने पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने से दिल्ली के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आने के संकेत दिए हैं। बुधवार को न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 32 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।

शहर का नामएक्यूआई
दिल्ली359
नोएडा252
गाजियाबाद317
फरीदाबाद161
गुरुग्राम190

बिहार में दिवाली का मौसम

बिहार में दिवाली के कारण कई शहरों में हवा प्रदूषित हुई है, लेकिन अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की बात कही गई है। हालांकि, कभी-कभार बादल छाए नजर आ सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है। आईएमडी ने पटना समेत कई जिलों में 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से नम हवाएं बहने का पूर्वानुमान जताया है, जिससे दिन में मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन रात में तापमान में कमी आने से ठंडी का ग्राफ बढ़ेगा। वहीं, अब हल्के कोहरे की परत सुबह नजर आ सकती है। आईएमडी के मुताबिक, अगले 2 दिन दिन में धूप निकलने से न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

राजस्थान में मौसम का हाल

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के मौसम में थोड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में हल्के बादलों की आवाजाही के संकेत दिए हैं। इसके अलावा श्रीगंगानगर, बांसवाड़ा, जैसलमेर, फलोदी, अलवर और जयपुर के आसपास मौसम शुष्क रहने से दिन में हल्की गर्मा और सुबह कोहरे की धुंध छाए रहने का अनुमान है। अब पाकिस्तान से सटे जिलों में ठंडी का सितम बढ़ेगा। कई जिलों में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीच जा सकता है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का अलर्ट

पहाड़ों पर एक बार फिर बादल मंडरा रहे हैं। खासकर, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 21, 22 और 23 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से तेज हवाएं चलने और मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक, इस दौरान लाहौल स्पीति, कांगड़ा, किन्नौर, सिरमौर, सोलन और चंबा में मौसम बदलने से बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं, जिससे पहाडों के अलावा मैदानी इलाकों का तापमान तेजी से गिरेगा और लोगों को कड़ाके की सर्दी महसूस होगी। वहीं, उत्तराखंड में चमोली, रूद्र प्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और बागेश्वर, के कुछ स्थानों पर गरज चमके के साथ बारिश के आसार जताए गए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना बन रही है, जिससे ठंडी का सितम बढ़ने की संभावना है। देहरादून, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और हरिद्वार में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उधर, जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी से मौसम का मिजाज रंग बदलेगा।

हरियाणा और पंजाब में मौसम का काल

पहाड़ों पर बर्फबारी के संकेत मिलने से हरियाणा और पंजाब तक असर पड़ने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, सप्ताह के अंत तक हरियाणा के कई इलाकों में न्यूनतम तापामान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। इस सप्ताह के बाद सर्दी के और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं, पंजाब में दिन में हल्की धूप और रात में ठंडक का असर दिखाई दे रहा है। अब अगले एक से दो दिन में सुबह के दौरान कोहरा छाए रहने और तापमान में कमी आने की संभावना जताई गई है।

केरल तक बारिश का अलर्ट

अरब सागर में चक्रवात और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने से केरल के एर्नाकुलम, इडुक्की, मलप्पुरम और कोझिकोड में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने लगातार भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड और बाढ़ का जताते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। उधर, पुडुचेरी में भी मौसम बड़ा असर देखा जा रहा है।

तमिलनाडु में मिनी मानसून एक्टिव

तमिलनाडु में मौसम विभाग ने 22 अक्टूबर तक दक्षिण-पूर्व अरब सागर में चक्रवाती परिसंचरण बनने से चक्रवात हवाएं तमिलनाडु के तटीय और दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश के समुद्री तटों से टकराने का अलर्ट जारी रखा है, जिसके प्रभाव से आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी है। उत्तर-पूर्वी मानसून के चलते तिरुचिरापल्ली, अरियालुर, थेनी, कोयंबटूर और मदुरै समेत कई मौसम बेहद खराब रहेगा। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं के साथ कहीं-कहीं आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। मौसम विभाग पश्चिम बंगाल में अगले कुछ घंटों तक बारिश का अनुमान जताया है।

FAQs

कल दोपहर का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर भारत के दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा और पंजाब के मौसम में धूप-छांव का खेल जारी रहेगा। हालांकि, दिन में तापमान बढ़ने से कल दोपहर को कहीं हल्की गर्मी तो कहीं मौसम सुहावना रहेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में बर्फबारी से तापमान में तेजी से गिरावट के कारण अब सुबह शाम ठंडक का एहसास और बढ़ेगा।

ठंडी कब से शुरू होगी

दिल्ली में एयर क्वालिटी एवं वायु गुणवत्ता सूचकांक

ऑरेंज येलो और ग्रीन अलर्ट क्या होता है?

उत्तर-पूर्व मानसून क्या है?

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!