कल का मौसम
कल का मौसम कैसा रहेगा 20 नवंबर 2025 : गिरते तापमान के बीच बादलों ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिये हैं। इस पूरे सप्ताह के आखिर तक मौसमी गतिविधियां होने के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटे के दौरान दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में आंधी-तूफान की स्थिति बनेगी और कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ झमाझम बारिश दर्ज की जाएगी। खासकर, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप में भारी बारिश एवं नागालैंड, मिजोरम और मणिपुर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। इधर, पहाड़ों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावनाओं के बीच कड़ाके की सर्दी का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। सुबह के वक्त पहाड़ियां कोहरे से पटी नजर आ रही हैं। आईएमडी ने बताया कि 20 नवंबर को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर भारी कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से सिहरन वाली सर्दी महसूस होगी। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली में शीतलहर के चलने और कुहासा छाए रहने का अनुमान है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 10°C | 25°C |
| चंडीगढ़ | 11°C | 24°C |
| मुंबई | 21°C | 29°C |
| जयपुर | 12°C | 25°C |
| भोपाल | 12°C | 25°C |
| लखनऊ | 13°C | 26°C |
| पटना | 15°C | 27°C |
| कोलकाता | 19°C | 29°C |
| देहरादून | 9°C | 21°C |
| शिमला | 7°C | 18°C |
| कश्मीर | 5°C | 15°C |
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अभी इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा। सर्द हवाओं के चलने से न्यूनतम तापमान 10°C के आसपान बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति पर पहुंच चुका है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। ग्रेटर नोएडा देश के सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में पहले स्थान पर रिकॉर्ड हुआ, जहां एक्यूआई 454 तक पहुंचा। नॉलेज पार्क–V स्टेशन पर एक्यूआई बढ़कर 473 तक जा पहुंचा, जो सीजन का सबसे अधिक था। दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई 400 से 450 के बीच रिकॉर्ड किया गया। नोएडा में 430 से 445 के बीच बना हुआ है। गाजियाबाद में लोनी में एक्यूआई 440 से ऊपर दर्ज किया गया। लिहाजा, दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप -3 (ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान) के नियम लागू हैं। इस चरण में कंस्ट्रक्शन गतिविधियों पर रोक, जेनरेटर सेट पर प्रतिबंध, डीजल ट्रकों की एंट्री पर बैन है। फिलहाल, मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तेज़ हवाओं या बारिश की संभावना नहीं है।
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। सीकर में तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतर भागों में न्यूनतम तापमान 05.0 से 10.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है जो सामान्य से लगभग 3-4 डिग्री सेल्सियस कम है। कमोबेश ऐसी ही मौसम मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बना हुआ है। सुबह तेज कोहरे के कारण लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा है।
यूपी में मौसम काफी सर्द है। पश्चिम से लेकर पूर्वांचल तक कोहरे की लेयर छाई नजर आने की संभावना है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब है, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, कानपुर, लखनऊ, इटावा, बाराबंकी, प्रयागराज समेत कई जिलों में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन में भी सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सुबह घना कोहरा छाया नजर आएगा और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
बिहार के विभिन्न जिलों में सुबह घना कोहरा छाया नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने 20 नवंबर को 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। लेकिन, किशनगंज, अररिया, कटिहार और पूर्णिया में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के आसार है, जिससे सर्दी का मीटर तेज से आगे बढ़ेगा।
पहाड़ों पर लगातार मौसम रंगीन होता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। घाटी में मौसम शुष्क है, लेकिन शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे इलाकों में माइनस तापमान दर्ज किया जा रहे है, जिससे लोग कड़ाके की ठंड से परेशान हैं। इधर, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया जा रहा है। अगले सप्ताह तक बर्फबारी की संभावनाएं बन रही हैं। खासकर, लाहौल स्पीति, ताबो, कुकुमसेरी समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में पाला और कोहरा गिर रहा है। वहीं, उत्तराखंड में भी मौसम काफी गुलाबी है। दिन में हल्की धूप और रातें बर्फीली हो चली हैं। सुबह के वक्त कोहरा छाया नजर आ रहा है। मौसम शुष्क होने से सर्द हवाएं परेशान कर रही हैं। वीकेंड तक मौसम और गहरा सकता है।
बंगाल की खाड़ी और उससे सटे कुमारी सागर के ऊपर बने लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से तमिलनाडु में अगले दो दिन तक भारी बारिश होने की उम्मीद है। आईएमडी के मुताबिक, चेन्नई, अड्यार, पट्टिनपक्कम, तिरुवनमियूर, मायलापुर, मरीना नुंगमबक्कम, वडापलानी, टी. नगर, गुइंडी, अन्ना नगर और कोयम्बेडु, वलसरवक्कम, मदुरावॉयल, वनागरम, अलंदूर, एयरपोर्ट रीजन, पल्लावरम, क्रोमपेट, वंडालूर, ओल्ड महाबलीपुरम रोड पर, शोलिंगनल्लूर और चेम्मेनचेरी में भी भारी बारिश की संभावना है। खासकर निचले इलाके में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। आईएमडी ने केरल, कर्नाटक, आंध्र और पुडुचेरी समेत कई दक्षिण राज्यों में मौसम खराब होने की चेतावनी जारी कर रखा है। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में काफी कमी आएगी। केरल में भारी बारिश और खराब मौसम के कारण जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। खराब मौसम के कारण तिरुवनंतपुरम के अंतररष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CBCP) के आंकड़ों के मुबाकि, शहर की वायु क्वालिटी 450 के ऊपर पहुंच गया है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated