कल का मौसम : 3 दिन में बादल गिराएंगे पानी मूसलाधार! बारिश-शीतलहर से पारा लुढ़केगा धड़ाम; घने कोहरे का बड़ा अलर्ट
- Authored by: Pushpendra Kumar
- Updated Jan 3, 2026, 08:15 PM IST
Kal Ka Mausam, 04 January 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर भारत में मौसम का विपरीत असर देखने को मिल रहा है। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर से ठंडी हवाएं शीतलहर के रूप में चलेंगी, जिससे अधिकांश राज्यों में पारा लुढ़केगा और दिन में भी कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। मौसम विभाग की मानें तो देश के करीब 15 राज्यों में भीषण कोहरा विजिबिलिटी को प्रभावित करेगा, जिसका सीधा असर ट्रेनों की आवाजाही एवं फ्लाइट सेवाओं पर पड़ेगा। वहीं, पहाड़ों पर हल्की बारिश और बर्फबारी से मौसम संगीन रहेगा। स्काईमेट ने दक्षिणी राज्यों में मूसलाधार बारिश को लेकर संभावना जताई है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी तापमान गिरने एवं कोहरे का अनुमान है।
कल का मौसम
Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देशभर में अगले 2 दिन तक मौसम काफी भारी रहेगा। खासकर, पहाड़ों से गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण लद्दाख और कश्मीर के कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश एवं बर्फबारी की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर व बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी है। हिमालयी क्षेत्रों से उत्तर भारत में प्रवेश कर रहीं पछुआ हवाओं के असर से दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 जनवरी को अधिकांश राज्यों में शीतलहर की स्थिति रहेगी और घना से अति घना कोहरा छाया नजर आएगा, जिससे ट्रेनें अपने फिक्स टाइमिंग से काफी लेट चलेंगी व फ्लाइट सेवाएं प्रभावित रहेंगी या रद्द होंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ेगा। उधर, केरल और तमिलनाडु के कुछ जिलों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी के मुताबिक, वेस्ट बंगाल, पूर्वोत्तर और दक्षिण के राज्यों के साथ महाराष्ट्र में भी कोहरा एवं ठंड में इजाफे के संकेत हैं।
यूपी में कल मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों आए पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होते ही पछुआ हवाओं का असर बढ़ता जा रहा है, जिससे गलन वाली सर्दी बढ़ती जा रही है। राज्य के कुछ हिस्सों में करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन में भी कड़ाके की सर्दी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में और कमी आएगी और घने से अति घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित करेगा। फिलहाल बाराबंकी और हरदोई राज्य के सबसे से ठंडे शहर बने हुए हैं, जहां न्यूनतम पारा गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। वहीं, पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही देखी गई। वाराणसी में सर्द हवा के साथ कोहरे और हल्की बूंदों की वजह से सर्दी का सितम बढ़ गया है। अगले 2 दिन तक करीब 15 जिलों में शीत दिवस (Cold Day) और करीब 50 जिलों में भीषण कोहरा छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। कमोबेश ऐसा ही मौसम बिहार के अधिकांश हिस्सों में दर्ज किया जा रहा है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 8°C | 20°C |
| चंडीगढ़ | 8°C | 16°C |
| जयपुर | 8°C | 17°C |
| भोपाल | 10°C | 22°C |
| मुंबई | 21°C | 28°C |
| लखनऊ | 8°C | 18°C |
| पटना | 10°C | 20°C |
| कोलकाता | 13°C | 23°C |
| देहरादून | 6°C | 13°C |
| शिमला | 2°C | 11°C |
| कश्मीर | -2°C | 6°C |
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा
पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में साफ दिखाई दे रहा है। खासकर दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं और ठिठुरन भरी ठंड ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया है। तापमान में गिरावट से रात के समय सर्द हवाओं का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मौसम में आए इस बदलाव का सकारात्मक असर पॉल्यूशन पर पड़ रहा है।एनसीआर के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सुधार दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने 4 और 5 जनवरी को घने कोहरे की संभावना जताई है। इस दौरान को न्यूनतम 6 से 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली के अलीपुर में एक्यूआई 217, आनंद विहार में 288, अशोक विहार में 251, बवाना में152 रहा,बुराड़ी क्रॉसिंग में 208, चांदनी चौक में 280, मथुरा रोड पर 188, डीटीयू में एक्यूआई 246 दर्ज किया गया है। वहीं, गाजियाबाद में एक्यूआई ऑरेंज जोन में तो नोएडा के अधिकांश क्षेत्र ऑरेंज जोन में हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर प्रदूषण चिंता का विषय बना हुआ है।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के अनेक इलाकों में कड़ाके की ठंड के बीच अगले 24 घंटे में अनेक इलाकों में शीतलहर का सिलसिला जारी है और अधिकांश जगहों पर घना कोहरा छाया नजर आएगा। आईएमडी ने बताया कि अगले 2 दिन शीतलहर के चलने से न्यूनतम तापमाम में कमी आएगी और घना एवं अत्यधिक घना कोहरा विजिबिलिटी को प्रभावित करेगा, जिसका सीधा असर ट्रैफिक सिस्टम पर पड़ेगा। फिलहाल, राज्य में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 2.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले एक सप्ताह तक जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में घने कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट होने का अनुमान है।
पंजाब-हरियाणा का मौसम कैसा रहेगा
पंजाब में पिछले दिनों हुई अच्छी खासी बारिश के बाद मौसम के तेवर बदलते जा रहे हैं। पहाड़ों से आ रहीं सर्द हवाएं राज्य में कोल्ड डे जैसे हालात बना रही हैं। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 5.5 डिग्री, अमृतसर में 7 डिग्री, लुधियाना में 9 डिग्री, पटियाला में 8 डिग्री, पठानकोट में 9, बठिंडा में 8, गुरदासपुर में 7.8 और एसबीएस नगर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास या कम रहने का अनुमान है। वहीं, हरियाणा में रविवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहने और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की भी संभावना है। आईएमडी की मानें तो महेंद्रगढ़ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रोहतक में 9 डिग्री, भिवानी में 5.5 डिग्री, फरीदाबाद में 6 डिग्री, करनाल में 8.8 डिग्री, अंबाला में 10.7 डिग्री और हिसार में 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में कोहरे-शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर लगभग खत्म हो गया है। आसमान साफ होते ही सर्दी का सितम बढ़ गया है। अधिकांश ऊंचाई वाले स्थानों केदारनाथ धाम के आसपास, यमुनोत्री समेत अन्य पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जो अगले कई दिनों तक अनवरत जारी रह सकता है। 5 जनवरी तक हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, उत्तरकाशी, पौड़ी और अल्मोड़ा समेत कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने एवं शीतलहर में इजाफे के संकेत हैं, जिससे अगले सप्ताह से सर्दी में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में बर्फाबारी का मौसम
हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में बादल छाए नजर आ रहे हैं और ऊंचाई वाले कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकांश पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी से मौसम काफी सुहावना है। हिमपात के कारण कई स्थानों पर तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है। चोटियों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में भी पारा गिरने की संभावना है। खासकर, कुकुमसेरी, कल्पा, नारकंडा, ताबो और लाहौल स्पीति, रोहतांग दर्रा इत्यादि स्थानों पर तेज बर्फबारी हो रही है। इधर, कुल्लू और मनाली समेत कई जगहों पर ब्लैक आइस जमी नजर आ रही है एवं पहाड़ियां कोहरे की चादर में लिपटी हैं।
कश्मीर में बर्फबारी का मौसम
कश्मीर में बारिश से राहत के बाद सर्दी का सितम बढ़ गया है। घाटी में न्यूनतम तापमान गिरकर अधिकतर जगहों पर शून्य से नीचे चला गया है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0 से माइनस 2 डिग्री, गुलमर्ग में 0 से माइनस 6 डिग्री, पहलगाम में 0 से माइनस 5.5 डिग्री, काजीगुंड में 0 से माइनस 2.8 डिग्री, कोकरनाग में 0 से माइनस 1 डिग्री और कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 0 से माइनस1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि ‘चिल्ला-ए-कलां’ के कारण रात का तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे दर्ज किया जाएगा। पांच और छह जनवरी को कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान है।
कोल्ड डे क्या है?
उत्तरी राज्यों में भीषण सर्दी के कारण कोल्ड डे की स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।