कल का मौसम
Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : अगले 24 घंटे के दौरान पहाड़ों पर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 और 5 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर के विभिन्न ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर बादलों की आवाजाही रहेगी व बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना बन रही है। इस नए मौसमी सिस्टम के असर से हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। पहाड़ों पर मौसमी गतिविधियां उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर भी खासा असर डालेंगी। मौसम विभाग का मानना है कि धीरे-शीतलहर की रफ्तार बढ़ेगी और तापमान लुढ़केगा, जिससे लोगों को घने कोहरे के बीच सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी का सितम झेलना पड़ेगा। स्काईमेट ने 3, 5 और 5 दिसंबर को तमिलनाडु के आसपास दितवाह चक्रवाती तूफान (Ditwah Cyclonic Circulation) के सक्रिय रहने से तेज आंधी और तूफानी हवाएं बहेंगी व भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। तूफान का असर आंध्र प्रदेश, केरल, लक्ष्यद्वीप और कर्नाटक के कुछ हिस्सों पर रहने से मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत में शीतलहर रफ्तार पकड़ सकती है। फिलहाल कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान काफी गिर गया है, जिससे सर्दी का एहसास बढ़ा है। खासकर, हिमालयी राज्यों से सटे हरियाणा और पंजाब में न्यूनतम तापमान गिरता जा रहा है। पंजाब के बठिंडा में 4 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़, पटियाला, लुधियाना, पठानकोट और फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। यानी अब पंजाब में कोल्ड वेव की स्थिति बन चुकी है। वहीं, हरियाणा के विभिन्न हिस्सों पर बर्फीली हवाओं के झोंकों से सर्दी बुरा हाल कर रही है। मौसम विभाग का मानना है अगले 10 दिन तक कोहरा और ठंडी का सितम देखने को मिलेगा। कमोबेश ऐसा ही मौसम मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में बना हुआ है। यहां भी शीतलहर का प्रकोप जारी है।
जम्मू-कश्मीर में अगले 2 दिन में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। आईएमडी के पूर्वानुमान के हवाले से 5 दिसंबर को मौसम प्रणाली एंट्री ले सकती है, जिसके असर से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू होगा। 2 से 3 दिन तक हल्की मौसमी गतिविधियों के साथ बर्फबारी से मैदानी इलाकों का मौसम पूरी तरह बदल जाएगा और तेजी के साथ तापमान में गिरावट होगी। हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी से राज्यभर में कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी है। आईएमडी ने ताबो में माइनस 9 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान होना बताया। फिलहाल, राज्य के 15 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया जा रहा है। वहीं, अगले 2 दिन में वेस्टर्न डिस्टर्बेंश के असर से हल्की बारिश और बर्फबारी शुरू होगी, जिससे मौसम और संगीन होगा। उत्तराखंड में भी 4 दिसंबर से बर्फबारी को लेकर संकेत मिल रहे हैं।
दिल्ली में सर्दी और पॉल्यूशन का डबल अटैक जारी है। आईएमडी ने गुरुवार को हल्का कोहरा रहने का अनुमान जताया है, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। अचानक 2 से 3 डिग्री तापमान गिरने से सर्दी में इजाफा हुआ है और अब अधिकतम तापमान में भी कमी देखी जाएगी। सप्ताह के अंत तक शीतलहर (कोल्ड वेव) की एंट्री हो सकती है। सीपीसीबी के मुताबिक, दिल्ली में एक्यूआई 335 आसपास बनी हुई है। सर्दी के साथ प्रदूषण के लेवल पर बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान में सर्दी ने रफ्तार भर ली है। खासकर, रात्रि के वक्त तापमान में भारी गिरावट आने से सिहरन वाली सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि कई इलाकों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। सीकर और बीकानेर के कुछ हिस्सों में सबसे कम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चुरू में पांच डिग्री सेल्सियस, नागौर में 5.5 डिग्री और झुंझुनू में 5.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि श्रीगंगानगर में 7.1 डिग्री, अलवर में 8.2 डिग्री, दौसा में 8.8 डिग्री और जैसलमेर में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जा रहा है। शीतलहर के चलने से इसमें और इजाफा होगा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की ठंड रहने का अनुमान जताया है। उधर, मध्य प्रदेश में भी शीतलहर ने एंट्री ले ली है, जिससे कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी के साथ कोहरा छाया नजर आ रहा है।
यूपी में शीतलहर के संकेत मिल रहे हैं। खासकर ग्रामीण इलाकों में दिन में हल्की हवाएं चल रही हैं, जिससे शाम होते ही कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग का कहना है ति अगले सप्ताह की शुरुआत से शीतलहर असर दिखाना शुरू करेगी, जिससे न्यूनतम तापमान में और कमी आएगी। फिलहाल, अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है और सुबह तेज कोहरा छाया नजर आ रहा है। उधर, पड़ोसी राज्य बिहार में भी पहाड़ों पर सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा, जिससे अधिकांश जिलों में शीतलहर के प्रकोप के साथ कोहरा बढ़ेगा और लोगों को गलन वाली सर्दी का एहसास होगा।
दक्षिण भारत में दितवाह चक्रवाती तूफान का खतरनाक असर दिखाई दे रहा है। खासकर, तमिलनाडु के ततीय जिलों में मौसम गतिविधियों से जनजीवन प्रभावित है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू और कांचीपुरम में तेज बारिश हो रही है। फिलहाल, दितवाह कमजोर हो गया है, लेकिन अगले 2 से 3 दिन तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ झमाझम बारिश दर्ज की जा रही है। यह सिलसिला सप्ताह के आखिर तक जारी रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated