शहर

कल का मौसम : 31 जुलाई को होगी आफत की बरसात! वज्रपात के साथ आएगा तूफान; मौसम विभाग ने किया सावधान

कल का मौसम कैसा रहेगा, 31 जुलाई 2025: मौसम के लिहाज से जुलाई का आखिरी दिन काफी भारी रहने वाला है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, यूपी, एमपी, बिहार, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में मानसूनी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने की चेतावनी है तो दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज बारिश और बाढ़ की संभावना प्रबल है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा, 31 जुलाई 2025 : जुलाई का आखिरी दिन आफत की बरसात के बीच गुजरेगा! मौसम विभाग ने देशभर में तेज मौसमी गतिविधियों का अलर्ट जारी किया है। 31 जुलाई यानी गुरुवार को एक चक्रवाती परिसंचरण के एक्टिव होने के कारण आंधी-तूफान की स्थितियां बन रही हैं। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान बिहार, झारखंड, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आसमान बादलों से ढके रहेंगे और कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान कुदरत के कहर का भी सामना करना पड़ सकता है, यानी आकाशीय बिजली गिरने और बाढ़ का खतरा बना रहेगा। जिस कारण गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी। उधर, पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी बारिश से नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है। असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मेघालय और पश्चिम बंगाल के अधिकतर जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। वहीं, दक्षिण में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, सौराष्ट्र, कच्छ, महाराष्ट्र और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में तेज वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने और लैंडस्लाइड का रेड अलर्ट जारी है।

शहर का नाम न्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
मुंबई28 °C29 °C
दिल्ली 27 °C33 °C
जयपुर 25 °C29 °C
पटना27 °C33 °C
भोपाल 24 °C27 °C
लखनऊ 27 °C32 °C
हैदराबाद 24 °C29 °C
चेन्नई29 °C37 °C
देहरादून 24 °C28 °C
शिमला19 °C23 °C
कश्मीर 13 °C16 °C

यूपी कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज काफी खुशनुमा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 31 जुलाई को बुंदेलखंड के सभी हिस्सों यानी चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन और झांसी के अलावा कानपुर, कानपुर देहात, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, उन्नाव, लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, खीरी, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, एटा, अलीगढ़, आगरा, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मेरठ, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, वाराणसी, चंदौली, अमेठी, जौनपुर, संत रविदास नगर समेत विभिन्न जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ आंधी-तूफान और मध्यम से भारी बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान वज्रपात का अलर्ट जारी रहेगा, लिहाजा किसानों और अन्य कामकाजी लोगों को खुले आसमान के नीचे रहने से बचना होगा। वहीं, पहाड़ों और मैदानी इलाकों में जारी मूसलाधार बारिश के कारण गंगा-यमुना, केन, बेतवा, गोमती, घाघरा और शारदा समेत तमाम छोटी-बड़ी नदियां अपने साथ भारी मात्रा में पानी लेकर बह रही हैं, जिससे तराई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर को बादलों ने दो दिनों से घेर रखा है। हालांकि, आज शाम को हल्की बारिश हुई। गर्मी और उमस से काफी राहत है। मौसम विभाग के मुताबिक, 31 जुलाई से 4 अगस्त तक राजधानी और उसके आसपास के शहरों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभवना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त लगातार मौसमी गतिविधियों के कारण दिल्ली-एनसीआर में हवा काफी साफ हुई है, जिससे प्रदूषण के स्तर में काफी कमी आई है, जिससे लोग साफ हवा में सांस ले रहे हैं।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में 1 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। 30 जुलाई से 1 अगस्त तक सबसे अधिक बारिश बांका, पटना, गयाजी, भोजपुर, नवादा, भभुआ, बक्सर समेत कुछ आसपास के इलाकों में होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, मधेपुरा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, गोपालगंज, सारण, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और हाजीपुर समेत अन्य जिलों में 2 से 5 अगस्त के बीच भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। अगले एक सप्ताह के दौरान ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने और नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी का अलर्ट है। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ठहरें।

राजस्थान में मौसम का हाल

राजस्थान में लगातार बारिश आफत बनकर टूट रही है। पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया है। आईएमडी ने बताया कि जुलाई के आखिरी दिन जयपुर, सवाई माधोपुर, मलारना डूंगर, बारां, टोंक, कोटा, दौसा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, अलवर, अजमेर, बीकानेर और भरतपुर समेत कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। अत्यधिक बारिश के कारण कई स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर का मौसम कैसा है?

पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश जारी है। खासकर, कश्मीर में मूसलाधार बारिश के कारण पहलगाम और बालटाल मार्गों पर अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। अगर, मौसम ठीक नहीं रहा तो 31 जुलाई को भगवती नगर जम्मू से बालटाल और नुनवान आधार शिविरों की ओर किसी भी जत्थे को आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे भूस्खलन इत्यादि की समस्याएं भी खतरा बन सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और लैंडस्लाइड से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कुल्लू, कांगड़ा, ऊना, चंपा, शिमला, मनाली, नादौन, मंडी, किन्नौर और सिरमौर समेत कई जिलों में भयंकर बारिश का अलर्ट जारी किया है। अत्यधिक बारिश के कारण कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे यातायात पर बुरा असर पड़ा है। अगर, इसी तरह का मौसम कुछ दिन और रहा तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। कमोबेश ऐसा ही मौसम उत्तराखंड के विभिन्न जिलों-देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर समेत अन्य इलाकों में गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है, लिहाया आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की खतरा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article