शहर

आज का मौसम : 24 घंटे होगी तूफानी बरसात, गिरेगी बिजली रफ्तार से आएगा तूफान; मौसम विभाग ने किया सावधान

Aaj Ka Mausam, 28 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान देश के पूर्वोत्तर, दक्षिण भारत और पश्चिमी हिस्सों में जमकर मेघ बरसेंगे। चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Storm) के कारण आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। इधर, उत्तर भारत के उत्तराखंड, यूपी, बिहार, राजस्थान में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश के संकेत दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में किसी प्रकार के मौसमी एक्टिविटी की संभावना नहीं है।

Image

कल का मौसम

आज का मौसम कैसा रहेगा 28 सितंबर 2025 : उत्तर भारत से वापसी के बाद मानसून दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में सक्रिय है, जिस कारण अभी भी झमाझम बारिश का दौर जारी है। दशहरे तक बादलों की आवाजाही के साथ मौसम सुहावना रहेगा। हालांकि, उत्तरी राज्यों में मौसम के शुष्क रहने के ज्यादा आसार हैं। हल्की बूंदाबांदी को छोड़ दें तो कोई बड़ी वेदर एक्टिविटी होने के चांस नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 सितंबर तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछेक हिस्सों में तेज आंधीनुमा हवाओं, गरज चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और कहीं-कहीं गिरने के आसार हैं। लिहाजा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। उधर, उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) जल्द ही अवदाब (Pressure) में तब्दील हो सकता है, जो 27 सितंबर यानी शनिवार को दक्षिण ओडिशा तट से टकराकर पश्चिम की ओर बढ़ गया। इसके प्रभाव से तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पुदुचेरी, केरल, कर्नाटक, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, महाराष्ट्र और गुजरात के विभिन्न इलाकों में अगले 2 दिन तक बारिश जारी रहेगी। यह सिलसिला अगले दिनों तक जारी रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत रहेगी।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली28°C36°C
मुंबई26°C28°C
जयपुर28°C34°C
भोपाल23°C29°C
लखनऊ28°C34°C
पटना28°C33°C
देहरादून22°C32°C
शिमला14°C27°C
कश्मीर9°C11°C
हैदराबाद22°C24°C
चेन्नई27°C34°C

यूपी में कल कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में मौसम बार-बार करवट ले रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि 28 प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। आईएमडी ने बताया कि 40 जिलों में गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी और अच्छी खासी बारिश दर्ज की जाएगी। इस दौरान लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया, जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, महोबा, कौशांबी, फतेहपुर, बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और सोनभद्र में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे मौसम काफी सुहावना हो सकता है। इस दौरान कई जगहों पर वज्रपात की चेतावनी है। हालांकि, रात में तापमान सामान्य है, जिससे कूलर इत्यादि की जरूरत नहीं महसूस हो रही है, लेकिन दिन में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है।

दिल्ली कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर से बादल गायब हैं और सूरज अपनी चमक पेश कर रहा है, जिससे दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, शनिवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही के संकेत हैं, लेकिन बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार तक बादल मेहरबान हो सकते हैं और छिटपुट बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। अगर, वर्षा दस्तक देती है तो मौसम थोड़ा सुहावना हो सकता है। बहरहाल, रात्रि के वक्त तापमान सामान्य रह रहा है, जिससे राहत है। आने वाले दिनों में गर्मी और उमस का दौर डाउन होगा और सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास होगा।

दिल्ली-एनसी में प्रदूषण कितना है?

बारिश के थमने से प्रदूषण पर अभी कोई खास असर नहीं पड़ा है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि पिछले सालों के रिकॉर्ड को देखें तो दिवाली तक पॉल्यूशन का मीटर बढ़ेगा, जिससे शुद्द हवा में सांस लेना दूभर होगा। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 124 था जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीबीसी के मुताबिक एक्यूआई शून्य से 50 के बीच में अच्छा माना जाता है, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर की श्रेणी में आता है। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से निपटने के लिए कृत्रिम बारिश का सहारा भी लिया जाएगा, जिसका परीक्षण अक्टूबर में शुरू होगा।

राजस्थान का मौसम कैसा है?

राजस्थान से दक्षिण पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) की विदाई हो गई है। मौसम विभाग ने कहा कि राज्य के सभी भागों से मानसून 4 दिन पहले ही विदा हो गया। हालांकि, इस समय मध्य बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस तंत्र के प्रभाव से तीन अक्टूबर के दौरान राज्य के पूर्वी, दक्षिणी-पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मुंबई का मौसम कैसा रहेगा?

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात के असर से महाराष्ट्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। आईएमडी ने 24 घंटे के पूर्वानुमान में बताया कि मुंबई और उसके आसपास बादल छाए रहने और भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 28 से 30 सितंबर तक कुछ स्थानों पर मुंबई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी है। बीएमसी के अनुसार, अरब सागर में शनिवार की रात आठ बजकर 17 मिनट पर 1.06 मीटर ऊंची लहर उठने की संभावना है, जिस कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव होगा और मुंबई लोकल के साथ हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ेगा। यानी मुंबई में वीकेंड पर झमाझम बारिश होगी, जिससे मौसम काफी सुहावना रहेगा। यही मौसमी ट्रफ गुजरात और गोवा की ओर भी जमकर बारिश करेगी। उधर, मराठवाड़ा क्षेत्र में छत्रपति संभाजीनगर, जालना, लातूर, परभणी, नांदेड़, हिंगोली, बीड और धाराशिव में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और बाढ़ से सुरक्षा के लिए सभी सावधानियां बरतें।

हैदराबाद में मूसलाधार बारिश

तेलंगाना में मौसमी गतविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने हैदराबाद और राज्य के अन्य हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। अत्यधिक वर्षा के कारण तेलंगाना के प्रमुख बस अड्डे महात्मा गांधी बस स्टेशन (एमजीबीएस) में बाढ़ का पानी घुस गया, जिसके कारण अधिकारियों को बस सेवाओं को रोकना पड़ा। भारी बारिश के कारण हैदराबाद के दो प्रमुख जलाशयों हिमायत सागर और उस्मान सागर के गेट खोलने से मूसी नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ा। आईएमडी ने राज्य के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, बिजली कड़कने के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई है।

तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु के कई हिस्सों के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने कहा है कि शनिवार को राज्य में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने वायुमंडलीय दबाव के कारण तेज हवाओं और बारिश की स्थिति पैदा कर दी है। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के एक-दो इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कई हिस्सों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि कोयंबटूर, नीलगिरि, थेनी और तेनकासी जैसे पहाड़ी और पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु उत्तर-पूर्व मानसून की तैयारी के दौर में है और आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।


FAQs

कल बारिश होगी या नहीं?

आईएमडी के अनुसार उत्तर भारत के दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब में मौसम साफ रहेगा और यूपी, एमपी, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

मानसून कब तक रहेगा?

आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 अक्टूबर तक उत्तर भारत से वापस लौट जाएगा। हालांकि, पूर्वोत्तर, दक्षिण और पश्चिम में मानसूनी बारिश जारी रहेगी।

कल दोपहर का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में कल दोपहर को बादलों की आवाजाही भी रहेगी और कहीं-कहीं आसमान साफ रहेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि, रात्रि में न्यूनतम तापमान कम रहेगा।

ठंड कब से शुरू होगी

ठंड का मौसम मध्य नवंबर से शुरू हो सकता है, क्योंकि ला नीना (La Niña) की स्थिति बनने की संभावना है। यह दौर फरवरी के मध्य तक जारी रह सकता है।

सर्दी का मौसम कब आएगा?

मौसम विज्ञान के अनुसार अक्टूबर के मध्य यानी दीपावली तक हल्की गुलाबी सर्दी का एहसास होना शुरू होगा और यह सिलसिला फरवरी 2026 के अंत तक रह सकता है।

दिल्ली में एयर क्वालिटी एवं वायु गुणवत्ता सूचकाकं

सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 124 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है।

ऑरेंज येलो और ग्रीन अलर्ट क्या होता है?

मानसूनी सीजन में अधिकतर येलो, ऑरेंज, रेड और ग्रीन अलर्ट का जिक्र होता है। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए 4 रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश.... ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं। इस हिसाब से लोगों से अपील की जाती है बचाव एवं सुरक्षा के उपाय पेश किए जाते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article