शहर

कल का मौसम, 28 Dec 2024: इन राज्यों में बारिश बिगाड़ेगी माहौल, बर्फबारी-ओलावृष्टि से लुढ़केगा पारा छाएगा कोहरा, बड़ा अलर्ट जारी

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब और बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इधर, दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अभी और अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी से सर्दी का सितम झेलना होगा।

Image

कल का मौसम अपडेट

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, मध्य प्रदेश और बिहार में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। दिल्ली, नोएडा, समेत राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में राजस्थान में कई जगह बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। फिलहाल, सीकर, अजमेर, झुंझुनू, नागौर, चुरू तथा हनुमानगढ़ जिले में कई जगह बारिश दर्ज की गई। इसी तरह जोधपुर व बीकानेर में कहीं कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। इधर, राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में शुक्रवार की सुबह और दोपहर बारिश हुई। मौसम विभाग ने दिन के लिए अभी और अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। उधर, पहाड़ी राज्यों कश्मीर-हिमाचल और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा, जिससे मैदानी इलाकों में सर्दी का सितम दिखेगा। आइये जानते हैं कल कैसा मौसम रहेगा?

यूपी-बिहार में कल का मौसम

यूपी-बिहार समेत अन्य उत्तरी राज्यों में घने से अति घना कोहरा छाया रहेगा। कई दिनों से अनेक इलाके कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। बीते चौबीस घंटे में निम्नतम न्यूनतम तापमान में कमी देखी जा रही है। यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। 28 और 29 दिसंबर को राज्य के कई इलाकों में मौसम बदला-बदला सा नजर आएगा। आईएमडी के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिन के बाद अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी जाएगी। वहीं, न्यूनतम में कमी के कारण शीतलहर का भी प्रकोप दिखेगा।

दिल्ली में कल का मौसम

राष्ट्रीय राजधानी के प्राथमिक मौसम केंद्र, सफदरजंग स्थित वेधशाला ने रात ढाई बजे से सुबह साढ़े पांच बजे के बीच 1.8 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की और इसके बाद से सुबह साढ़े आठ बजे तक 7.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालम मौसम केंद्र में 11.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड में 6.8 मिमी और पूसा में 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन के लिए आमतौर पर बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। दिल्ली में बारिश का दौर जारी है।

हरियाणा में कल का मौसम: ओलावृष्टि की संभावना

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में 28 और 29 दिसंबर को भी बारिश होने की संभावना है, इस संबंध में आईएमडी की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में दिन के समय में हल्की से मध्यम बारिश होगी और कई जगहों पर मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है और इस बीच एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ निचले स्तरों पर पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में चल रहा है। जिससे शुक्रवार और शनिवार को अरब सागर के साथ ही बंगाल की खाड़ी से भारी नमी आएगी। इसके चलते ही पंजाब, हरियाणा सहित 10 राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इससे ठंड और बढ़ेगी।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम: 3 दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी

बता दें कि मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में तीन दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली- एनसीआर के लोगों को 27 और 28 दिसंबर को तेज बारिश और तेज हवा का सामना करना पड़ सकता है। बारिश के बाद लोगों को घने कोहरे और तापमान में गिरावट का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर को तूफान के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई थी।

घना कोहरा छाया रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान भी तकरीबन 3 से 4 डिग्री बढ़ जाएगा। इसके बाद वह 11 डिग्री पर पहुंच जाएगा जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री बने रहने की संभावना जताई गई थी। 29 से 31 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा और इस दौरान एक बार फिर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने आगे कहा था कि 29 दिसंबर को घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 30 दिसंबर को भी घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, इस दिन अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के चलते ही मैदानी इलाकों में भी लोगों को ठिठुरन भरी सर्दी का सामना करना पड़ेगा।

कश्मीर में कल का मौसम: माइनस तापमान

कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का एक छोटा सा गांव कोनीबल शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा। उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कोकेरनाग में यह शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 29 से 31 दिसंबर तक यहां मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है और एक से पांच जनवरी तक कश्मीर में छिटपुट स्थानों पर हल्की बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार तक तापमान में कुछ सुधार हो सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article