Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। यूपी, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा और पंजा में बादलों ने डेरा डाल लिया है। सूरज भी लुका छिपी का खेल खेल रहा है। आईएमडी के मुताबिक बुधवार को हल्की बारिश के बाद 27 और 28 फरवरी को तेज तूफान के साथ तेज बारिश का सामना भी करना पड़ सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे दिन में हो रही इस गर्मी सेराहत महसूस होगी। मौसम विभाग ने बताया कि 27 फरवरी को एनसीआर में तेज हवाओं के साथ तेज बारिश होगी। राजस्थान में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी है, जिससे रबी की फसलों को भारी नुकसान की उम्मीद है। 28 फरवरी को भी मौसम ऐसे ही बना रहेगा और इस दिन अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे तापमान तेजी से गिरा है और दिन में कोल्ड डे जैसी स्थिति है। उधर, दक्षिण भारत में भी मौसम के तेवर बदले हुए हैं। केरल में बारिश का अनुमान है। हालांकि, राज्य में अभी से तेज गर्मी पड़ रही है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है।
मार्च का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी। 1 मार्च की बात करें तो उस दिन भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि 2 मार्च को अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते सुबह और शाम लोगों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ेगा। 3 मार्च को अधिकतम तापमान बढ़ेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों से यह साफ हो गया है कि एक बार फिर आसमान पर बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश भी होगी। कमोबेश इसी प्रकार का मौसम हरियाणा और पंजाब में भी देखा जा सकता है।
यूपी कल का मौसम
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। सूरज और बादलों के पीछे लुका छिपी का खेल खेल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 27 फरवरी से अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है, जिससे तापमान में कमी देखी जा सकती है। हालांकि, सुबह शाम काफी ठंड महसूस हो रही है। खासकर, सुबह अभी भी अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। आईएमडी के मुताबिक, लखनऊ, कानपुर, फतेहपुर समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी में भी बदलते मौसम का असर देखने को मिलेगा। दिन में बादलों की आवाजाही रहेगी और रात में चंद्रमा भी छिपा नजर आएगा। 28 फरवरी और 1 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज और चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे के छाए रहने की संभावना है।
दिल्ली में कैसा रहेगा कल का मौसम
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दे रहा है। आसमान पर बादल छाए हुए हैं और अधिकतम पारे में भी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान बुधवार को सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक, 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पालम वेधशाला ने रात का तापमान मौसम के औसत से 4.5 डिग्री अधिक, 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।आईएमडी ने हल्की बूंदाबांदी होने तथा बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है।
दिल्ली में कितना प्रदूषण है?
दिल्ली में एक्यूआई 221 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है
बिहार में कल का मौसम
बिहार में गुलाबी सर्दी के साथ ठंड की विदाई के संकेत हैं। हालांकि, अगले 3 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के एक्टिव होने से बादलों के छाए रहने के साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश का अलर्ट है। 28 और 1 मार्च को तेज हवाओं के साथ बूंदाबादी हो सकती है। हालांकि, इससे तापमान में कमी आने के संकेत नहीं हैं, लेकिन बढ़ोतरी जरूर हो सकती है। औरंगाबाद, गया, जमुई, बांका, भागलपुर, रोहतास और कैमूर जिले हल्की बारिश से भीग सकते हैं।
राजस्थान में कैसा है मौसम
राजस्थान में मौसम के खराब होने से साथ ओलावृष्टि की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ बिजली कड़कडने का पूर्वानुमान है। अगले 24 घंटों में पाकिस्तान की ओर से आए सिस्टम की वजह से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जैसलमेर और उदयपुर सहित कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। 27 फरवरी को भरतपुर, झुंझनू, सीकर, हनुमानगढ़ और श्रीनगर में मेघ गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात होने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में मौसम
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में बरफबारी हो रही है। कई इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। मौसम विभाग ने 26 से 28 फरवरी तक मौसम खराब होने के साथ तेज बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है, इससे तापमान में गिरावट देखी जाएगी, जिससे दिन में कोल्ड डे जैसी स्थिति रहेगी।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश फरवरी के आखिरी दिनों में भी भीषण सर्दी की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों में जारी भारी बर्फबारी और बारिश ने तापमान को गिरा दिया है। बीते 24 घंटे में राज्य में झमाझम बारिश हुई। मनाली, सियोबाग, सराहन, रामपुर, जोगिंदरनगर, धर्माशाला, चंबा, डलहौजी, गोगरा, पालमपुर, मनाली और शिमला के कई स्थानों में भारी बारिश दर्ज की गई और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। केलांग में न्यूनतम तापमान -3.6 डिग्री सेल्सियस अपने निचले स्तर पर रहा। आईएमडी ने 27 और 28 फरवरी को गरज चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 1 मार्च से मौसम में सुधार के संकेत हैं, लेकिन 2 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने से दोबारा बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| मुबई | 26 डिग्री सेल्सियस | 36 डिग्री सेल्सियस |
| दिल्ली | 17 डिग्री सेल्सियस | 28 डिग्री सेल्सियस |
| जयपुर | 20 डिग्री सेल्सियस | 31 डिग्री सेल्सियस |
| भोपाल | 17 डिग्री सेल्सियस | 29 डिग्री सेल्सियस |
| पटना | 17 डिग्री सेल्सियस | 28 डिग्री सेल्सियस |
| लखनऊ | 16 डिग्री सेल्सियस | 29 डिग्री सेल्सियस |
| प्रयागराज | 16 डिग्री सेल्सियस | 29 डिग्री सेल्सियस |
| हैदराबाद | 18 डिग्री सेल्सियस | 32 डिग्री सेल्सियस |
| चेन्नई | 27 डिग्री सेल्सियस | 31 डिग्री सेल्सियस |
| बेंगलुरु | 19 डिग्री सेल्सियस | 31 डिग्री सेल्सियस |
| कश्मीर | -2 डिग्री सेल्सियस | 2 डिग्री सेल्सियस |
| शिमला | 7 डिग्री सेल्सियस | 17 डिग्री सेल्सियस |
कहां सबसे ज्यादा गर्मी?
दक्षिण भारत से लेकर पश्चिम तक अभी से मार्च वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि, मार्च के पहले सप्ताह तक यह उत्तर के राज्यों को भी गिरफ्त में ले सकता है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और गुजरात में गर्मी का प्रकोप शुरु हो गया है। कुल मिलाकर सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। उधर, केरल में भीषण गर्मी के मद्देनजर लू और सनबर्न का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
सनबर्न क्या होता है
गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।
बदलते मौसम में क्या करें?
दरअसल, मौसम के बदलने के साथ खासी एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इससे निपटने के लिए योगासन काफी अहम हो सकता है। विशेषज्ञ दिनभर में 7 से 8 गिलास पानी पीने की सलाह अक्सर देते हैं। इससे डिहाइड्रेशन नहीं होता। पाचन में मदद करता है और शरीर से टॉक्सिक पदार्थ बाहर निकाल फेंकता है। एक और खास बात शरीर के तापमान को भी नियंत्रित करता है। तीसरा बहुत आम सा और खास उपाय है। क्योंकि मौसम में बदलाव अपने साथ बहुत सारी बीमारियां साथ लाता है, इसलिए हर्बल चाय को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी जाती है। वैसे भी ये हमारी दादी मां के नुस्खों में शामिल रहते हैं । हर्बल टी अगर ताजा तुलसी के पत्तों, अदरक से बनी हो तो फायदा जबरदस्त होता है। एक तरफ शरीर में गर्मी बढ़ रही होती है तो दूसरी तरफ वातावरण में नमी है। सबके लिए सजग होने का समय है। खास तौर से बुजुर्गों और बच्चों में बदलते मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलता है। जरा-सी लापरवाही आपको बीमारियों के जाल में फंसा सकती है।
कोल्ड डे क्या है?
कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।
