शहर

Kal Ka Mausam: अगले 48 घंटों में इन राज्यों में आगे बढ़ेगा मानसून, मूसलाधार बारिश से गरज-चमक तक...जानें IMD बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam 23 June 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam Kaisa Rahega: देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिसके चलते कहीं भारी बारिश तो कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, मुंबई, पंजाब-हरियाणा और तमिलनाडु समेत कई राज्यों के लिए ताजा मौसम अपडेट जारी किया है।

Image

कल का मौसम 23 जून 2026

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

कल का मौसम (Kal Ka Mausam): देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून कई नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है, वहीं कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। दूसरी तरफ, कुछ इलाकों में लू का प्रकोप भी जारी रहने की आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वेदर सिस्टम की बात करें तो समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका (सीजनल ट्रफ) राजस्थान से लेकर बिहार तक फैली हुई है। वहीं, उत्तर और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) सक्रिय है। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका बनी हुई है। तेलंगाना से लेकर मन्नार की खाड़ी तक निचले स्तरों पर एक ट्रफ रेखा मौजूद है। असम के मध्य हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों में भी निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उधर, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर-पश्चिम पंजाब के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। हरियाणा तथा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे क्षेत्रों में भी निचले स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर गुजरात से पश्चिम-मध्य अरब सागर तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है, जिससे कई क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

क्या है IMD का पूर्वानुमान?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के महाराष्ट्र (मुंबई सहित) के कुछ और हिस्सों, तेलंगाना और ओडिशा के बाकी क्षेत्रों तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ अन्य इलाकों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। वहीं, आगामी सप्ताह के दौरान पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। खासतौर से मेघालय के कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। दूसरी ओर, विदर्भ, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक लू चलने की आशंका है, जबकि छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में कल आसमान से बादलों से ढका रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य स्तर के आसपास बना रहेगा। दिनभर पश्चिमी दिशा से हवाएं चलने की संभावना है। सुबह के समय हवा की रफ्तार लगभग 22 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो दोपहर में बढ़कर करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी। इसके बाद शाम और रात के दौरान हवा की गति घटकर लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

यूपी में अगले पांच दिनों का मौसम

उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 23 से 25 जून तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 और 28 जून को भी वर्षा गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस अवधि में कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 जून तक लू की स्थिति बने रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है, हालांकि महीने के अंत तक मौसम राहत देने वाला हो सकता है।

बिहार में कल का मौसम कैसा रहेगा?

23 जून को बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की सलाह दी है। दिन के तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बादलों और वर्षा की गतिविधियों के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 24 जून को राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी आशंका है। 23 जून को कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी चल सकती है, जिसकी रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 24 जून को भी पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।

मुंबई में कल के मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, 23 जून को मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मानसून की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। शहर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज वर्षा के दौर भी देखने को मिल सकते हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून के महाराष्ट्र में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जिससे मुंबई में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना है। इसके अलावा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

पंजाब-हरियाणा में कल का मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कल पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दौरान बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिनकी रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं IMD ने यह भी कहा है कि अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर वर्षा और आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रहने की संभावना बनी हुई है।

अरुणाचल के इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट

IMD ने अरुणाचल प्रदेश के लिए जारी अपने पूर्वानुमान में कहा कि राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार को भारी बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। यहां स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जिला-वार जारी मौसम संबंधी चेतावनी के अनुसार, मंगलवार को पश्चिम कमेंग, पूर्वी कमेंग, पापुम पारे, पश्चिम सियांग, निचली दिबांग घाटी, लोहित और नामसाई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही पूर्वी सियांग, ऊपरी सियांग, निचली सियांग, दिबांग घाटी, अंजाव, चांगलांग, तिरप और लोंगडिंग समेत कई अन्य जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। उस दिन पश्चिम कमेंग, पापुम पारे, पश्चिम सियांग, निचली दिबांग घाटी और ऊपरी सियांग जिलों में छिटपुट स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के बृहस्पतिवार के लिए पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। तिरप, लोंगडिंग, चांगलांग, पूर्वी सियांग, पश्चिम कमेंग और पापुम पारे जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, शुक्रवार और शनिवार को भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

तमिलनाडु के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने तमिलनाडु के पांच जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम में बदलाव दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। IMD का कहवा है कि, समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई पर रायलसीमा और उसके आस-पास के इलाकों में चक्रवाती हवाओं का घेरा (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इस सिस्टम का असर अगले कुछ दिनों में तमिलनाडु के कई हिस्सों में मौसम पर पड़ने की उम्मीद है। आरएमसी ने कोयंबटूर जिले के पहाड़ी इलाकों और नीलगिरी, डिंडीगुल, थेनी और शिवगंगा जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान लगाया है। इन इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौजूदा मौसमी हालात राज्य भर में व्यापक बारिश के लिए अनुकूल हैं। 27 जून तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर बारिश का अनुमान लगाया है।

लू को लेकर क्या है अलर्ट?

मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लू का प्रभाव बना रह सकता है। छत्तीसगढ़ में 23 जून, पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 जून तक तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 जून तक हीटवेव की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं, झारखंड में 24 और 25 जून को लू चल सकती है, जबकि विदर्भ क्षेत्र में 23 से 26 जून के बीच गंभीर लू की स्थिति बनने के आसार हैं। इसके अलावा, विदर्भ के कुछ इलाकों में 24 जून तक गर्म रातें भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। तापमान के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 23 से 26 जून के बीच अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि मध्य भारत में 26 जून तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा और इसके बाद 27-28 जून को 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। महाराष्ट्र में 26 जून तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। देश के अन्य अधिकांश हिस्सों में 28 जून तक तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन होने के आसार नहीं हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article