शहर

अगले 70 घंटे में आएगा आंधी-तूफान, 15 राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि, वज्रपात; लू से रहें सावधान

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के मौसम का पूर्वानुमान जताते हुए देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया है। खासकर, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के साथ गुजरात-महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। इधर, पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से पानी व बर्फ गिरने का अलर्ट घोषित है। आईएमडी ने समूचे उत्तर भारत में दिनभर लू चलने (Heatwave) से भीषण गर्मी के आसार जताए हैं।

Image

मौसम आज-कल

भीषण गर्मी के बीच हीटवेव की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। अप्रैल माह में ही अधिकांश राज्यों में सूरज की तपिश से पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। खासकर, उत्तर भारत के राज्यों में मौसम साफ रहेगा, जिसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में तेज धूल भरी सतही गर्म हवाएं यानी लू चलने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग ने पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 24 मार्च से आंधी-पानी, ओलावृष्टि और ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर के राज्यों में एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव रहेगा, जिससे तूफानी हवाएं, आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी है। उधर, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों के साथ महाराष्ट्र और गुजरात के कई जिलों में बादलों के बरसने के संकेत दिए गए हैं।

यूपी का मौसम आज

उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिले भीषण गर्मी के चपेट में आ चुके हैं। सुबह से ही तेज धूप परेशानी का सबब बन रही है। कई हिस्सों पर तेज गर्म हवाएं थपेड़े मार रही हैं। आईएमडी की मानें को बुंदेलखंड में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और हीटवेव का अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुबह से शाम तक चिलचिलाती धूप से सड़कों पर सन्नाटा नजर आता है। मौसम विभाग ने सप्ताह के अंत तक पारा और बढ़ने की संभावना व्यक्त की है। फिलहाल किसी प्रकार की मौसमी गतिविधि को लेकर अलर्ट नहीं है।

बिहार का मौसम कैसा है

बिहार में मौसम पूरी तरह से गर्मी की ओर शिफ्ट हो गया है। राज्य के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी हो रही हैं और लू चलने की चेतावनी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 22 से 24 अप्रैल के बीच उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी बिहार में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। खासकर, पटना, अरवल, जहानाबाद, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, नालंदा, नवादा, गया, गोपालगंज, सिवान, सारण, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, वैशाली, समस्तीपुर में लू का अधिक प्रभाव रहेगा। इन जिलों में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में कल मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले दिनों हुईं मौसमी गतिविधियों के बाद अप्रैल का आखिरी सप्ताह गर्मी और लू के बीच गुजरेगा। मौसम विभाग ने भीषण गर्मी और लू की स्थितियां बनने की बात कही है। 21 से 24 अप्रैल तक लू का अलर्ट घोषित है। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, 25 से 26 अप्रैल के बीच मौसम में आंशिक परिवर्तन देखने को मिल सकता है। कई हिस्सों पर हल्के बादल छाए नजर आ सकते हैं, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़ा अनुमान नहीं है।

दिल्ली में कितना प्रदूषण?

दिल्ली-एनसीआर के पॉल्यूशन में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। यानी अभी हवा बेहतर नहीं रहेगी और एक्यूआई 220 से अधिक रह सकता है। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, आनंद विहार में एक्यूआई 225, अशोक विहार में 175, बवाना में 200 और चांदनी चौक में एक्यूआई 160 रिकॉर्ड किया गया। इधर, नोएडा में हवा के हालात बेहतर नहीं हैं। यहां भी एक्यूआई 200 के करीब बना हुआ है। उधर, गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में एक्यूआई 301 है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वसुंधरा में 195 इंदिरापुरम में 170 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा

राजस्थान की रेतीली धरती अब गर्म होती जा रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग ने लगातार बढ़ते तापमान के बीच लू का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल, कोटा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं, राजधानी जयपुर, जोधपुर उदयपुर और बीकानेर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक मौसम शुष्क रहने की बात कही है। 23 अप्रैल से झुंझुनू, भरतपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और धौलपुर समेत कई जिलों में हीट वेव चलने का येलो अलर्ट है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम कैसा है

हिमाचल प्रदेश के मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे पर्वतीय भागों पर मौसमी गतिविधियां हो रही हैं, जिससे अभी कई हिस्सों पर सर्द मौसम का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि 24 अप्रैल से एक नया विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके बाद ऊंचे हिस्सों के साथ मैदानी भागों पर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। कुछ हिस्सों पर बर्फ गिरने की संभावना है।

पूर्वोत्तर में बारिश होगी क्या?

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस पूरे सप्ताह पूर्वोत्तर भारत में मौसमी गतिविधियां परेशान करेंगी। पिछले कई दिनों से चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के एक्टिव रहने से अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और पश्चिम बंगाल के कुछ भागों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-बवंडर के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान वज्रपात और ओले गिरने का खतरा जताया गया है। आईएमडी के मुताबिक, ये मौसमी गतिविधियां प्री मानसून का संकेत हैं। हालांकि, ओडिशा, झारखंड समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी है।

मुंबई में बारिश की संभावना

दक्षिण भारत में 23 और 24 अप्रैल से एक नया मौसमी तंत्र सक्रिय होगा, जिसके असर से कई राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज होंगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव के बीच गुरुवार से मौसम बदलेगा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु के कोस्टल एरिया में तूफानी हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। आईएमडी ने लोगों को खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। उधर, पश्चिमी घाट के दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात के दक्षिणी पूर्वी जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। इस दौरान मुंबई में भी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

तमिलनाडु में कैसा रहेगा मौसम

तमिलनाडु में लगातार मौसम का मिजाज गर्म होता जा रहा है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर है। चेन्नई में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस है। हालांकि, मौसम विभाग अगले तीन दिनों तक कुछ हिस्सों पर बारिश की संभावना जताई है। खासकर पश्चिमी घाट, दक्षिणी तटीय क्षेत्रों और डेल्टा के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान गरज के साथ तूफान आने का बड़ा अलर्ट घोषित है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन वेल्लोर, करूर परमथी, इरोड और मदुरै एयरपोर्ट में करीब 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान है, जिसके बाद हीटवेव घोषित कर दिया गया है।

22 अप्रैल (बुधवार) का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली23°C41°C
चंडीगढ़23°C37°C
मुंबई28°C32°C
चेन्नई28°C34°C
हैदराबाद26°C37°C
कोलकाता27°C38°C
रांची24°C38°C
पटना27°C42°C
लखनऊ27°C41°C
भोपाल26°C39°C
जयपुर26°C38°C
देहरादून18°C32°C
शिमला14°C27°C
कश्मीर9°C20°C

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से कुछ हिस्सों पर मौसम सामान्य और सर्द है, लेकिन उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में लगातार पारा और लू की गति बढ़ रही है। आईएमडी के मुताबिक, फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का असर तेज हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

कब आएगा मानसून?

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्री मानसून जल्द ही दस्तक देख सकता है। हालांकि, जून महीने के दौरान मानसून एंट्री दे सकता है, लेकिन गति थोड़ी धीमी रहेगी और अत्यधिक बारिश की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि जून में उत्तर पश्चिम भारत में भीषण लू और गर्म हवाएं चलेंगी, लेकिन दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तीव्र मानसून के आगे बढ़ने के आसार रहेंगे। हालांकि, मानसून सामान्य से कम रहेगा। उत्तर भारत में कम बल्कि पूर्वोत्तर भारत बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय में बेहतर बारिश को होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

FAQs

मानसून 2026 में कितनी बारिश होगी?

मानसून 2026 को लेकर बड़ी उम्मीद है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस बरसात के सीजन में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और उत्तर-पूर्वी राज्यों में सामान्य या उससे अधिक बारश हो सकती है। लेकिन, उत्तर भारत के लिए चिंता का विषय है। कयास हैं कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इससे अनुमान यह लगाया जा रहा है कि देश के लगभग 60% हिस्सों में एल नीनो का असर कम बारिश के रूप में दिख रहा है। स्काईमेट के हवाले से Indian Ocean Dipole (IOD) का पूर्वानुमान लंबे समय तक सटीक नहीं रहता, लेकिन इसके सामान्य या हल्के सकारात्मक रहने की संभावना है। ऐसे में यह एल नीनो के प्रभाव को पूरी तरह संतुलित नहीं कर पाएगा, जिससे मानसून पर नकारात्म असर बना रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ क्या होता है

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article