शहर

आज का मौसम : 2 दिन बादल बरसेंगे आफत की बरसात! गिरेगी बिजली आएगा चक्रवात; IMD ने किया सावधान

Kal Ka Mausam, 18 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज होने का पूर्वानुमान जताया है। गुरुवार को यूपी, एमपी, बिहार, झारखंड में भारी बारिश और दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा एवं पंजाब में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। आईएमडी (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के झोंकों के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई हिस्सों में वज्रपात की चेतावनी है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा 18 सितंबर 2025 : देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी इलाके बारिश से तरबतर हो रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसमी गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। अगले 24 घंटे की बात करें तो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में आंधी के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट जारी है। 17 से 18 सितंबर तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब एवं राजस्थान में बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी मौसम का रुख ठंडा कर सकती हैं। इस दौरान कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई भागों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार वर्षा का खतरा बना हुआ है। फिलहाल, हिल्स एरिया में मेघ जमकर बरसेंगे, जिससे लैंडस्लाइड और बाढ़ से संकट पैदा हो सकता है। उधर, दक्षिण भारत में गुरुवार को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और लक्ष्यद्वीप में मानसूनी एक्टिविटी जारी रहेंगी। बंगाल की खाड़ी से बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन (Cyclonic Circulation) के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के साथ सिक्किम, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा के साथ महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बादल बरसते नजर आएंगे।

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा?

मानसून दिल्ली से वापसी को तैयार है। आईएमडी ने बताया कि पिछले 15 सालों में सबसे जल्दी वापसी की संभावना है। 20 से 21 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर से मौसमी गतिविधियां कम हो सकती हैं। हालांकि, 17 सितंबर की दोपहर से मौसम ने करवट ले ली है। लेकिन उमस और गर्मी ने थोड़ा परेशान किया। आईएमडी ने बुधवार से गुरुवार तक बादल छाए रहने के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना जताई है। अगले 4 दिन तक मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि, भारी बारिश की अलर्ट नहीं है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। फिलहाल, मौसम में उतार चढ़ाव के बीच एक्यूआई काफी नियंत्रित है, जिससे लोग शुद्ध हवा में सांस ले रहे हैं।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में अगले कई दिनों तक मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान है। हालांकि, मानसून वापसी की कगार पर है फिर भी अभी मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी यूपी से लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की जाएगी। आईएमडी के मुताबिक, 19 सितंबर तक ये गतिविधियां जारी रहेंगी। 18 सितंबर तक बुंदेलखंड के बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अमेठी, सुलतानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, हापुड़, सहारनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, अंबेडकर नगर, सीतापुर, हरदोई, बलरामपुर, श्रावस्ती, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर और बहराइच में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ आसमानी बिजली गिरने का अलर्ट है।

बिहार का मौसम कैसा रहेगा?

बिहार में काले बादल छाए हुए हैं। अधिकांश हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज वर्षा दर्ज की गई है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बहीं, जिससे मौसम काफी सुहावना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिन मौसम बदलाव की संभावना कम है। लिहाजा इस दौरान गरज चमक के साथ ठनका गिरने और बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। अगले 24 घंटे के दौरान 28 जिलों में शामिल पटना, पूर्णिया, सहरसा, फतुहा, खगड़िया, फुलवारीशरीफ, भोजपुर, जहानाबाद, नवादा, गोपालगंज, मधुबनी, कटिहार, गयाजी, मधेपुरा, नालंदा, पूर्वी चंपारण और सीवान समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में अगले तीन-चार दिन में कुछ जगह बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि बीकानेर, जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क बने रहने की पूरी संभावना है। लेकिन पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग में कुछ स्थानों पर अगले 3-4 दिन दोपहर बाद हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तराखंड में मानसूनी बादलों का कहर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से पिछले 2 दिन से राजधानी देहरादून और राज्य के कई अन्य हिस्सों में बादल फटने और भारी बारिश के कारण तबाही मची हुई है। एक साथ बादलों के फटने और अचानक ज्यादा पानी धरती पर पहुंचने से उफनती नदियों के कारण इमारतें, सड़कें और पुल बह गए। इस त्रासदी में 15 लोगों की मौत हो गई और 16 लापता हो गए। आईएमडी ने देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में मौसम के खतरनाक रूप लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने 18 सितंबर को पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और नैनीताल में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा, लिहाजा हिल्स एरिया में आवागमन से परहेज करना होगा।

हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट ले चुका है। पिछले कई दिनों से मौसमी गतिविधियां जारी हैं। हालांकि, 18 सितंबर से राहत की खबर है। हिमाचल प्रदेश में इस बार सामान्य से 46 प्रतिशत अधिक वर्षा होने के बावजूद, मंगलवार को भी भूस्खलन, अचानक बाढ़ और मकानों व इमारतों के ढहने के साथ प्रकृति के प्रकोप का सामना करना पड़ा। आईएमडी के मुताबिक, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और शिमला सबसे ज़्यादा प्रभावित ज़िलों में शामिल हैं। कमोबेश ऐसे ही मौसम के हालात जम्मू-कश्मीर में देखे जाएंगे।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली27°C34°C
मुंबई26°C28°C
जयपुर 26°C33°C
भोपाल23°C29°C
लखनऊ26°C30°C
पटना27°C30°C
देहरादून22°C27°C
शिमला15°C23°C
कश्मीर11°C19°C
बेंगलुरु21°C26°C
चेन्नई27°C32°C

पश्चिम बंगाल का मौसम

पश्चिम बंगाल के पूर्वी बिहार और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। लिहाजा कई जिलों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से शुक्रवार तक कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने पूर्वी बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बांकुड़ा, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और पुरुलिया जिलों में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस सप्ताह दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और उत्तरी दिनाजपुर मालदा जिलों में भी छिटपुट गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। चक्रवाती हवाओं के असर से पूर्वोत्तर के हिस्सों में बारिश के आसार बने रहेंगे।

मानसून के वापसी के संकेत

मौसम विभाग ने राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून के वापसी के संकेत दिए हैं। आईएमडी की माने तो मुंबई से मानसून की वापसी में एक महीने का समय लग सकता है, क्योंकि खाड़ी से पश्चिम की ओर बढ़ते हुए कई नए लो प्रेशर के सिस्टम बनेंगे जो अक्टूबर तक मानसून को सक्रिय बनाए रखेंगे। इधर, पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी मानसून ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पिछले 24 घंटे के भीतर राज्य के अलग-अलग हिस्सों से तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मूसलाधार वर्षा के कारण व्यापक पैमाने पर खेती तबाह हो गई है, जिससे भारी नुकसान का अनुमान है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article