शहर

कल का मौसम 11 April 2025 : 2 दिन आएगा आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश के साथ होगा वज्रपात; IMD का ओलावृष्टि का अलर्ट

Kal Ka Mausam, 11 April 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर भारत में भीषण गर्मी पर बारिश की बौछारें राहत पहुंचा सकती हैं। स्काईमेट ने बिहार, यूपी, हरियाणा-पंजाब, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में अगले 2 दिन तक बादलों की आवाजाही और आंधी के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। उधर, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम में बदलाव के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा हिमाचल, कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी हिस्सों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देशभर में मौसम का मिजाज बदला नजर आ रहा है। हीटवेव के अलर्ट के बीच राहत की भी उम्मीद नजर आ रही है। चूंकि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। स्काईमेट ने दिल्ली-एनसीआर, बिहार, बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा-पंजाब, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में आंधी, गरज चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है। अगर, पूर्वानुमान सही साबित होता है तो अगले 2 से 4 दिन भीषण गर्मी से मामूली राहत रहेगी। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों असम, अरुणाचल, ओडिशा, मेघालय, नागालैंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और झारखंड में भी आंधी गरज के साथ बारिश का अलर्ट है। उधर, पहाडी राज्य हिमाचल प्रदेश में बुधवार को भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने हिमाचल, कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी हिस्सों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। बदले मौसम के कारण सूरज के तेवर थोड़े नर्म होंगे, जिससे बढ़ते तापमान में थोड़ा ब्रेक लगेगा। फिलहाल, 24 घंटों के दौरान कई राज्यों में लू चलने का अलर्ट है।

यूपी में कैसा है मौसम

उत्तर प्रदेश में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। राजधानी लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर समेत करीब 25 जिलों में तेज हवाओं के झोंके साथ बारिश हुई। लखीमपुर खीरी, पीलीभीत और बहराइच में ओलावृष्टि होने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली कल का मौसम

दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 5.9 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने गुरुवार और शुक्रवार को बारिश होने और आंधी आने का अनुमान व्यक्त किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आंधी और बारिश के दस्तक देने से बढ़ते तापमान पर थोड़ा सा ब्रेक लगेगा और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत महसूस होगी।

दिल्ली में कितना प्रदूषण

दिल्ली में अभी प्रदूषण बरकरार है। अनुमान था कि अप्रैल महीने में एक्यूआई 100 के नीचे पहुंच जाएगा, लेकिन अभी एक्यूआई 250 के आसपास दर्ज किया जा रहा है, जो खराब की श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।

बिहार में कल का मौसम

बिहार में भी मौसम का चाल बदली सी है। बक्सर में दिन में काले बादलों का डेरा पड़ा हुआ है। गुरुवार की दोपहार ही अचानक मौसम बदल गया और बारिश शुरू हो गई। आईएमडी ने राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को बेमौसम बारिश के बीच कुदरत का कहर जारी रहा। यहां बेगूसराय में पांच, दरभंगा में चार, मधुबनी में तीन और समस्तीपुर में एक व्यक्ति की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। मधुबनी में आज फिर अंधराठाढ़ी प्रखण्ड के ठाढ़ी गांव के ऐतिहासिक वाचस्पति नाथ महादेव मंदिर में बिजली गिरने से गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। भागलपुर में बढ़ती गर्मी और आग लगने की घटनाओं को देखते डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह 9 बजे तक भोजन पका लें और उसके बाद चूल्हा न जलाएं।

उत्तराखंड में बारिश का येलो अलर्ट

उत्तराखंड और हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, चामोली, टिहरी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, कुमाऊं मंडल और उत्तरकाशी में आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बुधवार देर शाम अचानक बारिश ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। तेज हवाओं के साथ भारी बारिश से कई जगहों पर रोड पर मलबा आ गया, जिसमें कई वाहन दब गए थे। क्षेत्र में किसानों की गेहूं, सरसों, मसूर, सेब, समेत अन्य बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार, चमोली जिले में 10, 11 और 12 अप्रैल तक तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर भारी बारिश की संभावना है। 13 अप्रैल से मौसम साफ होने की उम्मीद है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई जा रही है। राज्य के कुछ भागों में अगले 2-3 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ, आंधी-बारिश की संभावना है और इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होगी। मौसम विभाग ने बताया कि 11-12 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। रहेगा। इस दौरान संबंधित जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। 12 अप्रैल को उदयपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने व हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। हालांकि, 13 अप्रैल से अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। 14-15 अप्रैल से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में पुनः अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास दर्ज होगा तथा गर्मी और लू का नया दौर शुरू होगा।

झारखंड में ओलावृष्टि-आंधी-तूफान की चेतावनी

झारखंड के कई हिस्सों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज आंधी की चेतावनी जारी है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज के साथ बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में भी बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। अभी तक डालटनगंज में राज्य का सबसे अधिक तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गढ़वा में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली23 °C38 °C
मुंबई26 °C32 °C
भोपाल25 °C39 °C
पटना24 °C31 °C
जयपुर 26 °C39 °C
लखनऊ23 °C35 °C
शिमला9 °C24 °C
देहरादून17 °C30 °C
कश्मीर 4 °C17 °C

ओडिशा में भीषण गर्मी से बदला काम-काज का समय

ओडिशा में बढ़ती तपिश को देखते हुए सरकारी कार्यालयों में सुबह कामकाज शुरू कर दिया गया है। राज्य सरकार के सभी कार्यालय और राजस्व एवं कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालतें 15 जून 2025 तक बगैर मध्याह्न भोजन अवकाश के, सुबह सात बजे से अपराह्न एक बजे तक काम करेंगी। कार्यालयों का सामान्य कार्य समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक है, जिसमें भोजन अवकाश भी शामिल है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article