Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : उत्तर भारत के मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। फिलहाल, तेज हवाओं ने एक बार फिर सर्दी की वापसी का रास्ता खोल दिया है। लेकिन, 8 मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जताई जा रही। लिहाजा, सामान्य हवा के पैटर्न में बदलाव आएगा। कोंकण और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र तक पहुंचने वाली चक्रवातीय हवाएं थोड़ा थम जाएंगी। हालांकि, हवा में धीमापन आने से 8 से 11 मार्च के बीच दिन के तापमान में 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक की वृद्धि होगी। इस अचानक वृद्धि से दक्षिण भारत में लू जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक बार फिर से भारी बर्फबारी और भारी बारिश का नजारा देखने को मिल रहा है और इसका सीधा असर मैदानी राज्यों हरियाणा-पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार पर पड़ रहा है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के डबल डोज से न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिससे दिन में कड़ाके की ठंड के साथ कोल्ड डे जैसी स्थिति है।
बिहार-राजस्थान का मौसम
बिहार में 8 से 9 मार्च को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के असर बादल छाए रह सकते हैं। पटना समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने 8 और 9 मार्च को मेघ गर्न के साथ हल्की बारिश और वज्रपात होने की संभावना व्यक्त की है। शेष भागों में मौसम सामान्य बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश कल का मौसम
यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे दोबारा ठंड का एहसास हो रहा है। हालांकि, धूप खिली हुई है। हवाओं की गति 30 से 40 किमी. प्रति घंटे । मौसम विभाग का कहना है कि हवाओं की रफ्तार कम होने से धूप चुभेगी और तापमान में वृद्धि होगी, जिससे होली तक लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। फिलहाल, किसी मौसमी गतिविधि की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
हरियाणा-पंजाब का मौसम कैसा है?
पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, लुधियाना, करनाल और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के चलने से दोबारा ठंड का एहसास होने लगा है। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं, दिन का तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। उधर, पिछले दिनों हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ। बारिश और ओलावृष्टि से प्रदेश के 12 जिलों में गेहूं और सरसों की फसलों को भारी नुकसान हुआ। हालांकि, हरियाणा और पंजाब में 8 मार्च तक एक बार फिर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
एनसीआर में चल रही तेज हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच चुका है। अगले एक हफ्ते में यह तापमान 17 डिग्री तक वापस पहुंचेगा। मंगलवार सुबह से ही चल रही तेज हवा एक बार फिर ठंडक का एहसास करवा रही है। पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो 5 मार्च को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया। दिन भर तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में तेज हवाएं चल रही हैं और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। आईएमडी ने दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और दोपहर बाद हवा की गति धीमे हो जाने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। स्काईमेट वेदर ने कहा कि बर्फीले पहाड़ों से ठंडी हवाएं छह मार्च तक दिल्ली और अन्य क्षेत्रों से होकर गुजरेंगी, जिससे राजधानी में सर्दी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 55 प्रतिशत दर्ज की गई और अधिकतम तापमान के 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
दिल्ली में एक्यूआई 108 रहा जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है। हालांकि, एनसीआर में कम होते प्रदूषण के चलते ग्रैप के प्रतिबंध हटा दिए गए हैं।
राजस्थान कल का मौसम
राजस्थान में तेज उत्तरी हवाओं से राजस्थान के अनेक इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और बीते चौबीस घंटे में सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार, इस दौरान न्यूनतम तापमान नागौर और पाली में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सीकर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, अंता (बारां) में 6.6 डिग्री, दौसा में 6.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 7.8 डिग्री, सिरोही में 8 डिग्री, चूरू में 8.8 डिग्री, बीकानेर में 9.6 डिग्री, अजमेर में 11.9 डिग्री, जयपुर में 13.4 डिग्री और कोटा में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राज्य में 7-8 मार्च से तापमान में फिर बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
कश्मीर का मौसम कैसा है?
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है, जबकि घाटी के बड़े हिस्सों में बारिश हो रही है। पिछले दिनों बारामूला के कुछ इलाकों के साथ ही गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग, कोकरनाग, कुपवाड़ा और कश्मीर के ऊंचे अन्य इलाकों में बर्फबारी हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीनगर सहित घाटी में व्यापक बारिश दर्ज की गई। भीषण बारिश के कारण कश्मीर में दिन का तापमान गिर गया, जिससे घाटी में अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन से नौ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति है। लोगों को अभी अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने कहा कि दिन में मौसम में सुधार होने की संभावना है और 10 मार्च तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।
हिमाचल में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के मनाली में भारी बर्फबारी हो रही है। दिसंबर और जनवरी में बर्फबारी की कमी से मनाली पर्यटन उद्योग प्रभावित हुआ था, लेकिन फरवरी के बाद अब मार्च की शुरुआत में यहां पर भारी बर्फबारी हुई है। मनाली में बर्फबारी देखने आए एक पर्यटक ने कहा कि माहौल काफी खुशनुमा हो गया है। तापमान भी अभी माइनस में है, इसलिए अच्छा है।
मनाली में इस साल अत्यधिक बर्फबारी हुई है, खासकर फरवरी और मार्च के महीनों में, हालांकि, दिसंबर और जनवरी में यहां उतनी बर्फबारी नहीं हुई थी, जो सामान्य रूप से अपेक्षित रहती है। अब, बर्फबारी के बाद उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटन में जबरदस्त बढ़ोतरी होगी। जिससे यहां के कारोबारियों को फायदा होगा। क्योंकि मनाली का अधिकांश कारोबार पर्यटन पर निर्भर करता है। पर्यटक यहां आते हैं, तो निश्चित रूप से कारोबार को लाभ होगा।
तमिलनाडु भीषण गर्मी का अलर्ट
तमिलनाडु में अगले कुछ दिनों के लिए भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। आरएमसी के अनुसार, तमिलनाडु के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी पड़ेगी। भले ही अभी गर्मी में दो महीने का समय बाकी है, लेकिन चेन्नई के उपनगरों और अन्य क्षेत्रों में दिन के तापमान में तेजी से वृद्धि होने की उम्मीद है। आरएमसी के अनुसार, बुधवार को पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
तमिलनाडु में कितना तापमान
तमिलनाडु के पश्चिमी आंतरिक और उत्तरी हिस्सों में दोपहर में गर्मी की स्थिति रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। साथ ही, चेन्नई के पश्चिमी उपनगरों में अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जो 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जाएगा। बढ़ते तापमान के बावजूद तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में अगले सप्ताह बारिश हो सकती है। 7 मार्च से 13 मार्च तक अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की उम्मीद है, जो 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। न्यूनतम तापमान में भी मामूली वृद्धि हो सकती है। खासतौर पर तटीय और आसपास के जिलों के तापमान में थोड़ा इजाफा होगा।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| मुंबई | 27 डिग्री सेल्सियस | 35 डिग्री सेल्सियस |
| चेन्नई | 26 डिग्री सेल्सियस | 32 डिग्री सेल्सियस |
| बेंगलुरु | 22 डिग्री सेल्सियस | 33 डिग्री सेल्सियस |
| हैदराबाद | 18 डिग्री सेल्सियस | 33 डिग्री सेल्सियस |
| हरिद्वार | 9 डिग्री सेल्सियस | 24 डिग्री सेल्सियस |
| शिमला | 3 डिग्री सेल्सियस | 15 डिग्री सेल्सियस |
| ताबो | -21 डिग्री सेल्सियस | -7 डिग्री सेल्सियस |
| कश्मीर | -6 डिग्री सेल्सियस | 5 डिग्री सेल्सियस |
| श्रीनगर | -4 डिग्री सेल्सियस | 8 डिग्री सेल्सियस |
| लखनऊ | 14 डिग्री सेल्सियस | 26 डिग्री सेल्सियस |
| पटना | 17 डिग्री सेल्सियस | 27 डिग्री सेल्सियस |
| भोपाल | 12 डिग्री सेल्सियस | 25 डिग्री सेल्सियस |
मार्च में कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के मुताबिक इन तेज हवाओं के चलने का सिलसिला गुरुवार सुबह से थमने की उम्मीद है, जिसके बाद अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री पहुंचने की आशंका जताई गई है। ठीक ऐसे ही 7 मार्च को भी अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री बने रहने की संभावना है। 8 मार्च से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक 8 मार्च को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। वहीं 9 मार्च को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। 10 मार्च को अधिकतम तापमान तो 31 डिग्री के आसपास रहेगा लेकिन न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक बढ़ जाएगा।
बदलते मौसम में क्या करें?
स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों के मुताबिक, लोगों से हाइड्रेटेड रहने और घर के बने पेय पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ, लस्सी और चुटकी भर नमक के साथ फलों के रस, पानी से भरपूर फल और सब्जियों का सेवन करें। हवादार और ठंडे क्षेत्रों में घर के अंदर रहें। दिन के दौरान गर्मी को रोकने के लिए खिड़कियां और पर्दों को बंद रखें और रात में वेंटिलेशन के लिए उन्हें खोल दें। साथ ही, इस दौरान धूप, शराब, कैफीन युक्त पेय, कार्बोनेटेड पेय, उच्च प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ और बासी भोजन से बचना चाहिए। बच्चों या पालतू जानवरों को पार्क किए गए वाहनों के अंदर न छोड़ें, क्योंकि अंदर का तापमान खतरनाक रूप से बढ़ सकता है। उन्होंने शिशुओं, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और हृदय रोग या पहले से मौजूद बीमारियों वाले व्यक्तियों के लिए अतिरिक्त सावधान रहें।
कहां सबसे ज्यादा गर्मी?
दक्षिण भारत से लेकर पश्चिम तक अभी से मार्च वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और गुजरात में गर्मी का प्रकोप शुरु हो गया है। कुल मिलाकर सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। उधर, केरल में भीषण गर्मी के मद्देनजर लू और सनबर्न का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
सनबर्न क्या होता है
गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।
कोल्ड डे क्या है?
कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।
हीटवेव का अलर्ट जारी
देश भर में मौसम के मिजाज में नाटकीय रूप से उतार-चढ़ाव को देखते हुए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। जहां कुछ इलाकों में बारिश हो रही है, वहीं कुछ इलाकों में अत्यधिक गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर को अस्थायी राहत मिल रही है। आईएमडी ने मार्च से मई तक सामान्य से अधिक तापमान का अनुमान लगाया है, जिससे आने वाले महीनों के बारे में चिंताएं बढ़ गई हैं। खासकर, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के राज्य विशेष रूप से प्रभावित होंगे। आईएमडी इन बदलावों के लिए जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार माना है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी के लिए तैयार रहने की जरूरत है।
हीटवेव क्या है?
भीषण गर्मियों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है। हीटवेट तब होती है जब किसी खास जगह पर तीन दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गर्म होता है। इसे उस क्षेत्र की स्थानीय जलवायु और पिछले मौसम के संबंध में माना जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य औसत से अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव कहा जाता है। खासकर, मार्च से जून के दौरान और कुछ दुर्लभ मामलों में जुलाई के महीने में ये स्थिति बनती है। हीटेवव के दौरान लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर पानी की कमी बुखार, उल्टी, दस्त, थकान, कमजोरी इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं।
