शहर

Kal Ka Mausam : दो दिन मौसम रहेगा तूफानी, 25 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी; आंधी-वज्रपात, बाढ़ से बरतें सावधानी

कल का मौसम कैसा रहेगा (06 अगस्त 2026) : मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक आसमान के बादलों से ढके रहने के संकेत दिए हैं। खासकर, उत्तर भारत और पहाड़ों पर तेज तूफानी हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट घोषित है। उधर, पूरे पूर्वोत्तर और दक्षिण भारतीय राज्यों में तेज मानसूनी बारिश को लेकर बड़ा पूर्वानुमान जारी किया गया है।

Image

मौसम आजकल

कल का मौसम कैसा रहेगा : देशभर में मानसूनी बारिश से मौसम काफी सुहावना है। अधिकांश भागों पर गर्मी से राहत और उमस भी कम है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में मेघ गर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। कमोबेश ऐसी ही बारिश उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के हिस्सों पर होने का अनुमान है। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लैंडस्लाइड और बाढ़ से सतर्क रहने की अपील की है। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भारी से भारी बारिश के जारी रहने के संकेत दिए हैं। उधर, दक्षिण भारत में मूसलाधार वर्षा के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी संभव है, जबकि पश्चिमी घाट के साथ महाराष्ट्र और गुजरात के ज्यादातर भागों पर मौसमी गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान है।

दक्षिण-पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अनुमान

दक्षिण भारतीय राज्यों में तेज मॉनसूनी बारिश के जारी रहने का अलर्ट है। मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना व अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बादलों की गरज-चमक के साथ पानी बरसने की बात कही गई है। समुद्री हिस्सों पर तेज तूफानी हवाएं और लहरे उठने का अंदेशा है। लिहाजा, लोगों को तटीय हिस्सों से दूर रहने की सलाह दी गई है। उधर, पूर्वोत्तर में ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। कहीं-कहीं ज्यादा पानी के जमाव से नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ और बाढ़ से हालात बदतर हैं। अगले कई दिनों तक ये मौसमी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

6 अगस्त (गुरुवार) का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली28°C33°C
चंडीगढ़27°C33°C
जयपुर27°C33°C
मुंबई27°C28°C
भोपाल25°C30°C
लखनऊ27°C31°C
पटना26°C30°C
रांची23°C28°C
कोलकाता27°C31°C
चेन्नई28°C34°C
बेंगलुरु22°C26°C
देहरादून24°C28°C
शिमला20°C24°C
कश्मीर14°C20°C

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान के कई जिलों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने इसमें एक बार फिर तेजी आने का अनुमान जताया है। छह-सात अगस्त से पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक नया परिसंचरण तंत्र बनने से मानसून के फिर से सक्रिय होने और बारिश के दौर के जोर पकड़ने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, इस मौसम प्रणाली के असर से सात से 10 अगस्त के बीच भरतपुर, कोटा, जयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी या बेहद भारी बारिश होने का अनुमान है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी सात से नौ अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम राहत भरा बना हुआ है। आईएमडी ने 5 और 6 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी, उमस लोगों को परेशान कर सकती है। आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 5 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 6 अगस्त को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा।

तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु के कई हिस्सों में बुधवार को गरज और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों के निचले वायुमंडलीय स्तरों में एक कमजोर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, तिरुवनमलाई, विलुपुरम, कुड्डालोर, तिरुचिरापल्ली, चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और तिरुवल्लूर जिलों में दिन के दौरान कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। निवासियों को आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका हो।

उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम

उत्तराखंड में लगातार जारी मूसलाधार बारिश जनजीवन प्रभावित है। कई जिलों में नदियां और बरसाती गधेरे उफान पर बह रहे हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून व एनडीएमए के सचेत पोर्टल की ओर से अगले 24 घंटों में देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर भी हो सकते हैं। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने जनपद के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। बारिश के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। संवेदनशील इलाकों में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीमें सतर्क हैं व हालात पर निगरानी रखी जा रही है। कमोबेश ऐसा ही मौसम हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों पर बना रहने का अनुमान है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article