शहर

कल का मौसम 04 June 2025 : थमने को है बारिश का दौर, फिर आसमान से बरसेगी आग; जानें कैसा रहेगा देशभर का मौसम

Kal Ka Mausam, 04 June 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों में मौसम ने करवट ली और बारिश ने सूरज की गर्मी निकाल दी। लेकिन अब बारिश का दौर थमने को है और एक बार फिर आसमान से आग बरसेगी।

Image

कल का मौसम कैसा रहेगा

Photo : Twitter

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): नौतपा में इस साल गर्मी ने पिछले साल की तरह परेशान नहीं किया। पिछले साल जहां दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 52.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं इस साल नौतपा में पारा अधिकतम 46 डिग्री के आसपास तक ही पहुंचा है। बार-बार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण बारिश होती रही। उत्तर भारत, पूर्वी भारत और मध्य भारत में जगह-जगह ओलावृष्टि के साथ ही थंडरस्टॉर्म और आंधी का पैटर्न लगातार बना रहा। प्रचंड गर्मी का दौर कम ही देखने को मिला। इस बीच मानसून ने भी एक हफ्ते पहले ही केरल तट पर दस्तक दे दी। जिससे दक्षिण भारत में बारिश का दौर शुरू हो गया और पूर्वी व मध्य भारत के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में भी प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई।

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में लगातार मौसम सुहावना बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरानअरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, त्रिपुरा, गुजरात और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली है। इसके अलावा मध्य भारत, पूर्वी भारत और उत्तर-पश्चिमी भारत में गरज और बिजली के साथ 40-70 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी देखने को मिली।

अगले दो दिन का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों तक पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में जरूर कुछ कमी आ सकती है। उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में अगले 2 दिनों के दौरान गरज और बिजली के साथ बारिश व तेज हवा के झौंके आएंगे। गंगीय पश्चिमी बंगाल में आज यानी मंगलवार 3 जून व 4 जून के साथ ही ओडिशा में 3 से 6 जून तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान का क्या हाल रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिमी भारत के अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद के 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री की बढ़ोतरी भी संभव है।

पूर्वी भारत में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, इसके बाद महत्वपूर्ण बदलाव तापमान में आने की संभावना नहीं है। देश के अन्य हिस्सों के अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव की फिलहाल संभावना नहीं है।

आज का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज यानी मंगलवार 3 जून को पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के साथ ही हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते भारी बारिश की संभावना है। यही नहीं इन राज्यों में तेज हवा और गरज के साथ बिजली कड़कने की भी संभावना है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ इलाकों में हीट वेव की संभावना है।

बिहार में आज कई जगहों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम आदि में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। कोंकण, तटीय कर्नाटक और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

कल का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार कल यानी बुधवार 4 जून को हिमाचल प्रदेश के साथ ही उत्तर-पश्चिमी भारत में गरज के साथ बिजली और तेज हवा का प्रभाव देखने को मिलेगा। हिमाचल प्रदेश में हवा की रफ्तार खासतौर पर 50-60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वोत्तर के राज्यों विशेषतौर पर असम, मेघालय में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। बिहार, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ थंडरस्टॉर्म और ठनका की आशंका है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कल भी हीट वेव की स्थिति बन सकती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article