शहर

Kal Ka Mausam : संडे को बारिश होगी मूसलाधार, दक्षिण-पूर्वोत्तर में बिगड़ेंगे हालात; IMD का आया रेड अलर्ट

कल का मौसम कैसा रहेगा (02 अगस्त 2026) : उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में बादलों की आवाजाही रहेगी और ज्यादातर भागों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। उधर, पहाड़ों पर भी तेज बारिश के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ने की चेतावनी है। स्काईमेट ने संपूर्ण पूर्वोत्तर के राज्यों और दक्षिण में भारी से भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है।

Image

मौसम आजकल

कल का मौसम कैसा रहेगा : मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक देश के विभिन्न राज्यों में मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। खासकर, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर और पश्चिमी राज्यों में इसमें बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। डीप डिप्रेशन बनने के कारण गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अच्छी खासी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उधर, दक्षिण भारतीय राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी है, जबकि पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भारी से भारी वर्षा की चेतावनी है। अत्यधिक पानी के प्रवाह के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और बाढ़ का खतरा बना रहने की संभावना है। आईएमडी ने समूचे उत्तर भारत के राज्यों में मौसम बदलेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं हल्की तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश से मौसम सुहावना रहेगा। इस दौरान मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। इधर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ों से लेकर मैदानी हिस्सों पर भारी बारिश की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को बादलों की आवाजाही रहेगी और हल्की बारिश से मौसम बदला रहेगा। आईएमडी ने बताया कि इस दौरान न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की बात कही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत है। वीकेंड पर हल्की से हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 75 के आसपास दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में है।

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मानसून के प्रभाव से एक और दो अगस्त हो भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के लो प्रेशर का क्षेत्र फिलहाल राजस्थान के दक्षिणी हिस्सों पर हावी है। इसके प्रभाव से एक और दो अगस्त को उदयपुर और जोधपुर संभागों के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी तथा कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान जयपुर, अजमेर और बीकानेर संभागों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, तीन से पांच अगस्त तक बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र तथा जयपुर और भरतपुर संभागों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। लगातार मौसमी गतिविधियां होने से तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

जम्मू-कश्मीर में बादल फटे

जम्मू-कश्मीर में पिछले कई दिनों से भारी बारिश का सिलसिला जारी है। अत्यधिक पानी के प्रवाह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। खासकर, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसी बीच शोपियां जिले के पेहलीपोरा गांव में बादल फटने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। पेहलीपोरा गांव में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई और कई दिशाओं से पानी आने से कई घर डूब गए। वहीं, बारामूला में भी लोगों को मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। उधर, बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है।

दक्षिण-पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता से केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप में मौसम बेहद खराब रहने का पूर्वानुमान है। अगले 48 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। इस दौरान बादलों की गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। लोगों को समुद्री इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। उधर, पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम की मार रहेगी। आईएमडी ने असम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, त्रिपुरा, मेघालय, पश्चिम बंगाल, झारखंड़ और मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना है। कमोबेश ऐसे ही हालात गुजरात और महाराष्ट्र में दिखाई दे सकते हैं।

केरल में बारिश

केरल में शनिवार-रविवार को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 1 अगस्त 2026 को केरल और लक्षद्वीप में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। केरल के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। राज्य के तटीय क्षेत्रों में एक कमजोर निम्न दबाव का परिसंचरण बना हुआ है, जिससे भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुनेलवेली, थेनी और कन्याकुमारी जिलों में मूसलाधार वर्षा होने की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में पश्चिमी घाट जिलों में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहने की संभावना है। इन जिलों में 6 अगस्त तक मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!