Hazaribag News: झारखंड के हजारीबाग जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन TSPC (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के आठ नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। पुलिस इन गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ कर रही है।
रंगदारी कांड से जुड़े नक्सली पुलिस के हत्थे चढ़े
पुलिस के अनुसार, इस नक्सली संगठन के खिलाफ गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सुरक्षा बलों ने शनिवार को उरीमारी चौकी क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर 8 नक्सलियों को पकड़ लिया। हजारीबाग सदर के एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 12 फरवरी को रामगढ़ जिले के पतरातू इलाके में जो फायरिंग की घटना हुई थी, उसमें ये सभी नक्सली शामिल थे। यह फायरिंग कथित तौर पर रंगदारी वसूलने के प्रयास के दौरान की गई थी।
जोनल कमांडर के इशारे पर काम कर रहे थे नक्सली
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि ये सभी लोग टीएसपीसी के स्वयंभू जोनल कमांडर भीखन गझू और स्वयंभू सब-जोनल कमांडर दिनेश उर्फ रवि राम के निर्देश पर काम कर रहे थे। ये लोग इलाके में संगठन को मजबूत करने और अवैध वसूली जैसे काम किया करते थे। गिरफ्तारी के दौरान इनके पास से दो इंसास राइफल, एक देसी पिस्टल, 130 कारतूस, एक चार पहिया वाहन और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ उरीमारी चौकी में केस दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी में जुटी हुई है। इस कार्रवाई को नक्सल प्रभावी इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
