Delhi AQI Today: दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां हटाए जाने के अगले ही दिन हवा की गुणवत्ता में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, आज सुबह करीब 7 बजे दिल्ली का ओवरऑल एक्यूआई 214 दर्ज किया गया, जो 'खराब' (Poor) श्रेणी में बना हुआ है। वहीं उत्तम नगर में AQI 400 के करीब पहुंच गया। यह दिल्ली का सबसे प्रदूषित हवा वाला इलाका दर्ज हुआ।
उत्तम नगर में सबसे खराब हवा
CPCB के मुताबिक, दिल्ली में आज सुबह करीब 7 बजे उत्तम नगर का AQI 399 रहा। यह ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं, बुराड़ी क्रॉसिंग में AQI 286, चांदनी चौक में 292, वजीरपुर में 242, अलीपुर में 235, सोनिया विहार में 232, रोहिणी में 231, नरेला में 218, आनंद विहार में 208 और नांगलोई में 207 दर्ज किया गया। ये सभी इलाके ‘खराब’ श्रेणी में रहे।
दूसरी ओर, कुछ इलाकों में हवा की स्थिति कुछ बेहतर देखने को मिली। वसुंधरा एन्क्लेव में AQI 143, लोधी रोड में 139, श्री अरबिंदो मार्ग में 167, आरके पुरम में 182 और आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 197 दर्ज किया गया। CPCB के वर्गीकरण के अनुसार, 101 से 200 के बीच AQI को ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है।
GRAP-3 हटने के बाद स्कूल खुले
यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने वायु गुणवत्ता में सुधार का हवाला देते हुए 17 नवंबर को दिल्ली-NCR से GRAP-3 की पाबंदियों को हटा दिया था। इसके साथ ही शिक्षा निदेशालय, एनडीएमसी, एमसीडी और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में कक्षाएं फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दी गई हैं। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इसकी सूचना छात्रों, अभिभावकों और स्टाफ को तुरंत दें।
GRAP के अलग-अलग स्टेज में शामिल पाबंदियां
हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि GRAP के स्टेज-1 और स्टेज-2 के तहत लागू पाबंदियां और दिशा-निर्देश पहले की तरह प्रभावी रहेंगे। पहले चरण में सड़क की धूल नियंत्रित करने, प्रदूषण नियमों का पालन कराने और खुले में कचरा जलाने पर रोक जैसे उपाय शामिल हैं। दूसरे चरण में धूल नियंत्रण के अतिरिक्त कदम, पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी और कार्यालयों के समय में बदलाव जैसे उपाय किए जाते हैं। वहीं तीसरे चरण में निर्माण गतिविधियों पर रोक, वाहनों पर सख्त प्रतिबंध और प्राथमिक कक्षाओं के लिए हाइब्रिड पढ़ाई जैसे कदम शामिल हैं। चौथे चरण में भारी मालवाहक वाहनों पर रोक के साथ यातायात और औद्योगिक गतिविधियों पर आपात प्रतिबंध लगाए जाते हैं।
