देश

लीक ना हो मेरा पता...CJP के सौरभ दास ने कोर्ट में जमा किया एड्रेस प्रूफ, दिल्ली पुलिस पर कसा तंज

सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उन्होंने अदालत के समक्ष निवास प्रमाण से जुड़े दस्तावेज इस स्पष्ट शर्त पर जमा किए हैं कि दिल्ली पुलिस इन्हें लीक नहीं करेगी और इनका इस्तेमाल सिर्फ पते के सत्यापन के लिए ही किया जाएगा।

Image

सौरव दास ने जमा किया एड्रेस प्रूफ

Photo : PTI

Saurav Das Submits Address Proof: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरभ दास (Saurav Das) ने जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन और पीस बॉन्ड उल्लंघन मामले से जुड़ी सुनवाई के दौरान विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में अपने दिल्ली के आवासीय पते से जुड़े दस्तावेज जमा कर दिए हैं। हालांकि, दस्तावेज सौंपते हुए उन्होंने दिल्ली पुलिस के सामने एक शर्त रखी है।

अदालत में क्या बोले सौरभ दास?

अदालत की कार्यवाही के बाद मीडिया और सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए सौरभ दास ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर जमकर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, यह हैरान करने वाली बात है कि एक लाख से ज्यादा कर्मियों वाली दिल्ली की पुलिस फोर्स यह पता नहीं लगा पायी कि सौरभ दास दिल्ली में कहां रहते हैं। हम आज इसी मकसद से अदालत आए थे और मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरे दिल्ली के पते का सत्यापन हो गया है।

दस्तावेजों को लेकर रखी कड़ी शर्त

सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उन्होंने अदालत के समक्ष निवास प्रमाण से जुड़े दस्तावेज इस स्पष्ट शर्त पर जमा किए हैं कि दिल्ली पुलिस इन्हें लीक नहीं करेगी और इनका इस्तेमाल सिर्फ पते के सत्यापन के लिए ही किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी उनके पते और निजी जानकारियां लीक की गईं, जिसके बाद ट्रोल्स और यूट्यूबर्स उनके घर तक पहुंच गए और उनकी तस्वीरें वायरल की गईं। मजिस्ट्रेट ने उनकी इस शर्त को स्वीकार करते हुए निर्देश दिया कि इन दस्तावेजों का उपयोग सिर्फ सत्यापन के लिए ही किया जाए।

क्या है पूरा मामला?

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और गिरफ्तारी: पिछले महीने जंतर-मंतर के प्रतिबंधित और गैर-अधिसूचित क्षेत्र में लोहे के गेट फांदकर प्रवेश करने के बाद CJP के नेताओं (सौरभ दास और आशुतोष रंका) को हिरासत में लिया गया था। शांति बनाए रखने के बॉन्ड का उल्लंघन करने के आरोप में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दलील दी थी कि सौरभ दास की तरफ से दिल्ली में निवास का कोई पुख्ता रेंट एग्रीमेंट या लीज डॉक्यूमेंट पेश नहीं किया गया है, जिसके बाद अदालत ने उन्हें अपने पते का कानूनी सबूत पेश करने का निर्देश दिया था। अब दस्तावेज जमा होने के बाद पते का सत्यापन पूरा कर लिया गया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article