शहर

हांसी में सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, 500 मीटर दूर तक महसूस हुआ धमाका, 4 लोग घायल

हरियाणा के हांसी में मंगलवार शाम घरेलू गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका होने से मकान पूरी तरह ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

हांसी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मकान जमींदोज

Photo : Times Now Digital

Haryana Cylinder Explosion: हरियाणा के हांसी में मंगलवार देर शाम गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। यह धमाका इतना जोरदार था कि पूरा मकान ही ढह गया, जबकि आसपास के तीन मकानों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में मकान में मौजूद एक ही परिवार के चार लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

धमाके से 500 मीटर दूर तक हिले मकानों की छतें

जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे हांसी-जींद रोड पर ढाणी चदरपुल के पास स्थित ढाणी चमारान में हुआ है। मकान प्रताप सिंह का बताया जा रहा है। घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। जिसकी आवाज और कंपन करीब 500 मीटर दूर तक महसूस किया गया। धमाके का प्रभाव इतना ज्यादा था कि आसपास के मकानों की छतें तक हिल गईं। धमाके की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मलबे में दबे चार लोगों को पड़ोसियों ने निकाला

हादसे के समय मकान में प्रताप सिंह का बेटा नवीन, नवीन की भाभी और दीपक की पत्नी सुनीता और दीपक का 8 वर्षीय बेटा निखिल और 5 वर्षीय बेटी मीत मौजूद थे। धमाके के बाद मकान ढहने से चारों लोग मलबे में दब गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद चारों को मलबे से बाहर निकाला।

अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए घायल

सभी घायलों को निजी वाहनों की मदद से हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मामले की जांच में जुट गए हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article