Ankita Bhandari Case: उत्तराखंड के देहरादून में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उसके माता-पिता ने एक बार फिर न्याय की मांग उठाई है। मंगलवार को प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने विनोद आर्य का नार्को-एनालिसिस टेस्ट कराने और उनकी कॉल डिटेल की जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं और CBI जांच आगे नहीं बढ़ती, तब तक पूरे उत्तराखंड में विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।
VIP के मामले में जांच की मांग
वीरेंद्र भंडारी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या के मामले में जिस VIP की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे, उसे सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इस नियुक्ति पर CBI जांच पूरी होने तक रोक लगनी चाहिए। उन्होंने 19 से 30 सितंबर 2022 के बीच विनोद आर्य की कॉल डिटेल निकलवाने की मांग की है। इसके साथ ही मामले के तीनों दोषियों के कॉल रिकॉर्ड की भी जांच करने की मांग की। यह मांग विनोद आर्य के उस बयान के बाद उठाई गई है, जिसमें उन्होंने 15 नवंबर को दावा किया था कि अंकिता ने आत्महत्या की थी। उन्होंने कथित चैट भी जारी की थी और रिसॉर्ट में किसी VIP के आने से इनकार किया था।
2022 में हुई थी अंकिता की हत्या
गौरतलब है कि 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की सितंबर 2022 में ऋषिकेश के पास वंतरा रिजॉर्ट में हत्या कर दी गई थी। अदालत इस मामले में पुलकित आर्य और उसके दो सहयोगियों को उम्रकैद की सजा सुना चुकी है। इस साल फरवरी में CBI ने मामले में कथित VIP की भूमिका की जांच के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
मां ने लोगों से मांगा समर्थन
अंकिता की मां सोनी देवी ने कहा कि वह चार साल से न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस रिसॉर्ट में अंकिता काम करती रातों-रात बुलडोजर से क्यों गिराया गया? उन्होंने जनता से न्याय की इस लड़ाई में साथ देने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने भी न्याय की लड़ाई जारी रखने की बात कही।
