शहर

जौनपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, शाहगंज में मुठभेड़ के बाद 2 बदमाश गिरफ्तार, पिकअप से बरामद हुए गोवंश

Jaunpur News: यूपी के जौनपुर में गोवंश की तस्करी करने वाले वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में घायल हुए एक बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक बदमाश फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।

Image

जौनपुर में मुठभेड़ के बाद 2 बदमाश गिरफ्तार

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ चिरैया मोड़ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के बीच पुलिस चेकिंग के दौरान हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया और इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

भागने की कोशिश में पुलिस वाहन को मारी टक्कर

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि चिरैया मोड़ की ओर से एक संदिग्ध पिकअप वैन आ रही है। इस सूचना के आधार पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के बीच चेकिंग की जा रही थी। तभी पुलिस को एक पिकअप वैन चिरैया मोड़ की ओर से आती हुई दिखी, जिसे रोकने का इशारा किया गया। लेकिन वैन में सवार चालक ने उसे रोकने की बजाए वाहन की रफ्तार बढ़ाई और आगे बढ़ने लगे। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मारी।

पुलिस पर बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस वाहन पर टक्कर के बाद तकनीकी खराबी की वजह से वैन आगे नहीं बढ़ पाई और उसमें बैठे बदमाश नीचे उतर कर पुलिस पर फायरिंग करने लगे। इस दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के कंधे में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान आजमगढ़ के माहुल थाना अहरौला निवासी इस्तेखार (35 वर्ष) के रूप में हुई। उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया।

इसी मुठभेड़ में पुलिस ने आजमगढ़ के निजामपुर थाना अहरौला निवासी जयसिंह (28 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। वहीं, इस घटना में शामिल एक और बदमाश विशाल यादव पुत्र अनिल यादव, जो थाना क्षेत्र गंभीरपुर आजमगढ़ का निवासी है, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

वैन की तलाशी में मिले गोवंश

पुलिस ने जब पिकअप वैन की तलाशी ली तो उसमें से चार जीवित और दो मृत गोवंश बरामद किए गए। जीवित अवस्था में पाए गए गोवंशों को सुरक्षित तरीके से गौशाला में भेजा गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ थाना शाहगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायल बदमाश को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article