शहर

Jamnagar: भाषण के बीच विधायक गोपाल इटालिया पर शख्स ने फेंका जूता, AAP की सभा में हंगामा; देखें Video

जामनगर में आम आदमी पार्टी की जनसभा शुक्रवार को अचानक हंगामे में बदल गई, जब विसावदर से विधायक गोपाल इटालिया पर एक व्यक्ति ने जूता फेंक दिया। आरोपी कांग्रेस कार्यकर्ता बताया जा रहा है, जो स्टेज के नीचे बैठा था और भाषण शुरू होते ही उसने हमला कर दिया। घटना के बाद सभा में अफरा-तफरी मच गई, कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई और कुर्सियां तक चलीं।

Image

भाषण दे रहे विधायक पर शख्स ने फेंका जूता (स्क्रीनग्रैब: IANS )

Photo : IANS

Gopal Italia News: जामनगर में आम आदमी पार्टी की जनसभा शुक्रवार को उस समय हो हल्ला मच गया, जब विसावदर से आप विधायक गोपाल इटालिया पर अचानक एक व्यक्ति ने जूता फेंक दिया। भाषण के दौरान अचानक हुई इस घटना से मंच और सभास्थल पर तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी स्टेज के ठीक नीचे बैठा हुआ था। जैसे ही विधायक इटालिया मंच पर बोलने लगे, उसी दौरान उसने विधायक की तरफ जूता फेंका। घटना होते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई भी कर दी। आरोपी का नाम छत्रपालसिंह जाडेजा है और वह कांग्रेस का कार्यकर्ता बताया जा रहा है।

भीड़ में हंगामा, कुर्सियां चलीं

जूता फेंके जाने के बाद सभा पूरी तरह बेकाबू हो गई। कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई और कई लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकीं। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए हालात काबू में किए और आरोपी जाडेजा को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर जीप में बैठाया। बताया जा रहा है कि वह कांग्रेस से जुड़ा हुआ कार्यकर्ता है।

कांग्रेस नेताओं के AAP में शामिल होने का कार्यक्रम

इस कार्यक्रम में कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। मंच पर आप गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी, जामजोधपुर के विधायक हेमंत खवा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इसी दौरान यह अप्रत्याशित हमला हुआ, जिसने सभा को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।

विधायक ने नहीं की FIR

घटना के बाद विधायक गोपाल इटालिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वे हमलावर के खिलाफ FIR दर्ज नहीं कराना चाहते। उन्होंने लिखा "आज जामनगर की जनसभा के दौरान मेरे ऊपर हमला करनेवाले शख्स के खिलाफ मैं FIR करना नहीं चाहता। मैं उस व्यक्ति को दिल से माफ करता हूं और उस व्यक्ति एवं उनके परिवार को ईश्वर सुखी रखे यह प्रार्थना करता हूं।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article