अगर आपकी सालाना सैलरी 30 लाख रुपये है और आप 50 लाख रुपये की कार खरीदने का सोच रहे हैं, तो सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि कार का खर्च आपकी जेब पर कितना असर डालेगा। महंगी कार खरीदने के लिए बैंक से लोन मिल जाना और उसे आराम से अफोर्ड कर पाना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। कार की EMI हर महीने चुकानी होगी, लेकिन इसके अलावा भी कई खर्च होते हैं। इसलिए फैसला लेने से पहले अपनी इनकम, मौजूदा खर्च और भविष्य की बचत का हिसाब लगाना जरूरी है।
50 लाख की कार के लिए कितना देना होगा डाउन पेमेंट?
मान लीजिए कि कार की ऑन-रोड कीमत 58 लाख रुपये है। अगर आप कीमत का 20 प्रतिशत डाउन पेमेंट करते हैं, तो आपको शुरुआत में करीब 11.6 लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद 46.4 लाख रुपये का कार लोन लेना पड़ेगा। अगर लोन पर ब्याज दर 9 प्रतिशत सालाना मानी जाए और अवधि पांच साल रखी जाए, तो आपकी EMI लगभग 96,300 रुपये प्रति माह हो सकती है। वहीं, लोन की अवधि सात साल करने पर EMI करीब 74,700 रुपये रह सकती है। हालांकि, लंबी अवधि चुनने से ब्याज के रूप में कुल भुगतान बढ़ जाता है। वास्तविक EMI बैंक की ब्याज दर और लोन की शर्तों पर निर्भर करेगी।
सिर्फ EMI नहीं, इन खर्चों का भी रखें ध्यान
कार खरीदने के बाद पेट्रोल या डीजल, इंश्योरेंस, सर्विसिंग, टायर, पार्किंग और टोल जैसे खर्च भी लगातार होते रहते हैं। महंगी कार का रखरखाव भी ज्यादा खर्चीला हो सकता है। इसके अलावा, समय के साथ कार की कीमत घटती जाती है। इसे डेप्रिसिएशन कहते हैं। ऐसे में अगर आपने बड़ा लोन लिया है, तो कार की बाजार कीमत कम होने के बावजूद लोन की बड़ी रकम चुकानी पड़ सकती है।
क्या है 20/4/10 का नियम?
कार खरीदने से पहले 20/4/10 नियम को एक सामान्य गाइड के तौर पर समझ सकते हैं। इसके मुताबिक, कार की कीमत का कम से कम 20 प्रतिशत डाउन पेमेंट करें, लोन की अवधि चार साल या उससे कम रखें और कार से जुड़े कुल खर्च को अपनी मासिक आय के लगभग 10 प्रतिशत तक सीमित रखने की कोशिश करें। यह कोई पक्का नियम नहीं, बल्कि बजट जांचने का एक तरीका है। महंगी कार के मामले में इस लक्ष्य को पूरा करना मुश्किल हो सकता है।
ज्यादा डाउन पेमेंट करना फायदेमंद, लेकिन सोच-समझकर
अगर आप 58 लाख रुपये की ऑन-रोड कीमत वाली कार के लिए 40 प्रतिशत यानी 23.2 लाख रुपये डाउन पेमेंट करते हैं, तो लोन की रकम घटकर 34.8 लाख रुपये रह जाएगी। 9 प्रतिशत की उदाहरण वाली ब्याज दर पर सात साल के लोन की EMI करीब 56,000 रुपये प्रति माह हो सकती है। लेकिन इसके लिए अपनी इमरजेंसी सेविंग या घर, स्वास्थ्य और दूसरे जरूरी लक्ष्यों के लिए रखे पैसे खर्च करना सही नहीं होगा।
