जालौन : जालौन के उपजिलाधिकारी (SDM) रिंकू सिंह राही का मंगलवार को तबादला कर दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उन्हें तत्काल प्रभाव से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी (न्यायिक), उरई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, राकेश कुमार सोनी को जालौन का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।
एसडीएम रिंकू सिंह राही और भाजपा के ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के बीच विवाद
यह तबादला ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान एसडीएम रिंकू सिंह राही और भाजपा के ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के बीच हुए विवाद का मामला सुर्खियों में था। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई थी। भाजपा नेता ने एसडीएम पर अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया था, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए जिला प्रशासन ने समिति गठित करने की बात कही थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Mansoon 2026 : अगले कुछ घंटे में एंट्री लेगा मॉनसून, उत्तर भारत में झमाझम बारिश से होगी जुलाई की शुरुआत; IMD ने जताया बड़ा पूर्वानुमान
जालौन का नया एसडीएम नियुक्त
इसी बीच, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की ओर से प्रशासनिक फेरबदल का आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार, रिंकू सिंह राही को जालौन तहसील से हटाकर उरई में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है। वहीं राकेश कुमार सोनी को जालौन का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में तबादले का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। इसलिए यह कहना कि स्थानांतरण सीधे विवाद के कारण हुआ, आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं है। फिलहाल प्रशासनिक आदेश लागू कर दिया गया है और नए अधिकारियों को कार्यभार संभालने के निर्देश दे दिए गए हैं।
