शहर

Punjab News: इटली भेजने के नाम पर जालंधर के युवक का कीनिया में अपहरण, मांगी 58 लाख की फिरौती

जालंधर के एक युवक को इटली भेजने के नाम पर पहले केनिया भेजा गया, जहां एक क्रिमिनल गैंग ने उसका अपहरण कर 70 हजार डॉलर की फिरौती मांगी है। परिवार की अपने बेटे को वापस लाने की गुहार।

Image

पंजाब के युवक का कीनिया में अपहरण, मांगी 58 लाख रुपये की फिरौती

Punjab News: जब भी आप विदेश जाने की योजना बनाएं तो हमेशा सावधान रहें। क्योंकि इस दौरान आपको ऐसे बहुत से ठग मिलेंगे, जो आपकी सभी योजनाओं पर पानी फेर सकते हैं और आपकी मेहनत की कमाई लूट सकते हैं। ऐसा ही एक मामला पंजाब में जालंधर जिले से सामने आया है। यहां के फिल्लौर क्षेत्र के गांव भैणी निवासी 30 साल के राकेश कुमार को इटली भेजने के नाम ट्रैवल एजेंटों ने उन्हें कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाया।

इटली जाने के लिए निकले राकेश कुमार को पहले कीनिया भेजा गया। कीनिया पहुंचने पर एक क्रिमिनल गैंग ने उनका अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने राकेश की बड़ी ही बेरहमीसे पिटाई की और उसका वीडियो परिजनों को WhatsApp के जरिए भेजा। इसके बाद राकेश की रिहाई के बदले परिजनों से 70 हजार डॉलर यानी लगभग 58 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।

इटली पहुंचाने के लिए 9.30 लाख में तय हुआ था सौदा

पीड़ित राकेश के पिता कश्मीर लाल ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को इटली भेजने के लिए दो ट्रैवल एजेंटों से संपर्क किया था। इनमें से एक एजेंट का नाम परमजीत सिंह है, जो इटली में रहता है। बताया जा रहा है कि परमजीत की महिला सहयोगी गांव भारसिंह पुर में रहती है। इन एजेंटों ने राकेश को इटली भेजने के लिए 9.50 लाख रुपये में सौदा तय किया था।

जयपुर से दुबई के रास्ते कीनिया भेजा गया

परिवार ने एडवांस के तौर पर महिला एजेंटे के भाई को दो लाख रुपये दे भी दिए थे। बाकी की रकम इटली पहुंचने के बाद देने की बात तय हुई थी। परिजनों के मुताबिक एजेंटों ने उन्हें बताया कि पहले राकेश को कीनियां भेजेंगे, उसके बाद इटली की फ्लाइट करवाई जाएगी। इस योजना के तहत 5 अगस्त को राकेश को जयपुर से दुबई होते हुए कीनिया भेजा गया। लेकिन कीनिया पहुंचते ही वहां एक्टिव क्रिमिनल गैंग ने राकेश और उसके साथ मौजूद दो अन्य पंजाबी युवकों को किडनैप कर लिया।

6 अगस्त को आई धमकी

परिवार का आरोप है कि 6 अगस्त को अपहरणकर्ताओं ने राकेश की बेरहमी से पिटाई करने के बाद व्हाट्सएप पर उसका वीडियो भेज दिया। यही नहीं फोन करके धमकी भी दी गई कि अगर पांच घंटे के भीतर 70 हजार डॉलर नहीं भेजे गए तो गंभीर परिणाम भुगतने को तैयार रहें। पीड़ित परिवाक का कहना है कि इस दौरान खुद को 'खान बाबा' बताने वाले शख्स ने पहले पंजाबी में बात की और फिर अंग्रेजी में मैसेज भेजे। उसने दावा किया था कि राकेश इस समय युगांडा में उसकी कस्टडी में है।

अब फोन नहीं उठा रहे ट्रैवल एजेंट

'खान बाबा' ने बताया कि उसकी एजेंट परमजीत सिंह के साथ पैसों का विवाद है। उसकी रकम मिलने के बाद ही राकेश को छोड़ा जाएगा। परिवार का आरोप है कि एजेंट परमजीत सिंह अब फोन ही नहीं उठा रहा है। इस पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के फिल्लौर हलका के पूर्व प्रभारी प्रिंसिपल प्रेम कुमार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन की मदद से राकेश को सुरक्षित भारत वापस लाने की कोशिश की जा रही है और दोषी एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित परिवार ने पुलिस में लिखित शिकायत देकर भी आरोपी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और राकेश को सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article