Jalore Road Accident: राजस्थान के जालोर जिले के आहोर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, तखतगढ़ रोड पर दो जीपों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। आहोर थाना प्रभारी करण सिंह के अनुसार यह हादसा रात के करीब 12 बजे हुआ, जब एक सांड अचानक सड़क पर आ गया, जिसे बचाने की कोशिश में दोनों जीपों के चालक नियंत्रण खो बैठे और जीपें आमने-सामने टकरा गईं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में मोरू गांव के पूरण सिंह पुत्र जबरसिंह, जगदीश सिंह पुत्र सरद वैष्णव और रखमा देवी पत्नी मनासाराम मेघवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शारदा पत्नी डूगरदास ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में 13 लोग शामिल हैं, जिनमें छह महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तत्काल सुमेरपुर के भगवान महावीर अस्पताल और आहोर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
रामदेवरा जा रहे थे श्रद्धालु
हादसे के समय कोलीवाड़ा गांव से बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु रामदेवरा दर्शन के लिए निकले थे। जब श्रद्धालुओं की जीप राष्ट्रीय राजमार्ग 325 पर चरली गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही जीप से भिड़ंत हो गई। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है और सहायता का भरोसा दिलाया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है, फिलहाल प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा सांड के कारण हुआ।
