शहर

दिल्ली-NCR में आधी रात से झमाझम बारिश के बाद रेड अलर्ट, कई इलाकों में जलभराव, पारा लुढ़कने से मौसम ठंडा

दिल्ली-एनसीआर में रविवार आधी रात तेज आंधी, गरज और बिजली चमकने के साथ दो घंटे से अधिक समय तक भारी बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को ठंड महसूस होने लगी।

Image

दिल्ली में झमाझम बारिश

Photo : ANI

Delhi-NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में रविवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं, गरज और बिजली चमकने के साथ राजधानी और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। आधी रात के बाद से ही अधिकांश इलाकों में बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक लगातार जारी रहा। मौसम विभाग ने ने आज सुबह 9 बजे तक दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। IMD ने इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी थी। देर रात से जारी बारिश के बाद मौसम भी ठंडा हो गया है। लेकिन इस बारिश के कारण झंडेवालन समेत कई इलाकों में सड़कों पर लबालब पानी भर गया। जिसके कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

मानसून की विदाई के बीच बदला मौसम

राजधानी में पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस भरा मौसम बना हुआ था। रविवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम का हाल देखने को मिला। लेकिन शाम-शाम होते होते मौसम ने करवट बदलनी शुरू की और दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने लगी थीं। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहे, जिसके बाद आधी रात को गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली में भारी बारिश की संभावना जताई थी। मानसून की विदाई के दौरान हुई इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में अगले 2 से 3 घंटे के दौरान मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई। सुबह 4 बजे तक दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर में सबसे ज्यादा 51 मिमी बारिश हुई, जबकि दिल्ली के कई इलाकों में भी 30 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। इसके अलावा गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी में 31.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली-NCR में कहां कितनी बारिश हुई?

  • पूसा- 40.0 मिमी
  • नारायणा- 35.5 मिमी
  • सफदरजंग- 35.5 मिमी
  • लोदी रोड- 34.0 मिमी
  • प्रगति मैदान- 32.9 मिमी
  • जनकपुरी- 27.0 मिमी
  • मयूर विहार- 18.5 मिमी
  • पीतमपुरा- 18.0 मिमी
  • झरोदा कलां-16.0 मिमी

बारिश के बाद तापमान में गिरावट

IMD के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। इस दौरान न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। विभाग ने आने वाले दिनों में आसमान आंशिक रूप से बादलों के छाए रहने की संभावना जताई है। लेकिन इस दौरान बारिश नहीं होने का पूर्वानुमान जताया है।

अगले पांच दिन कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 से 17 अक्टूबर तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस अवधि में आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

जलभराव और ट्रैफिक को लेकर चेतावनी

मौसम विभाग ने बारिश के कारण सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई थी। IMD ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति चेक करने, यातायात संबंधी एडवाइजरी का पालन करने और जलभराव वाले इलाकों से बचने की सलाह दी थी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article