शहर

Prayagraj: रामभद्राचार्य के खिलाफ मानहानि केस पर आज कोर्ट में सुनवाई, जानें क्या है मामला

प्रयागराज जिला अदालत में सोमवार को जगद्गुरु रामभद्राचार्य के खिलाफ मानहानि मामले पर सुनवाई होगी। उनके खिलाफ 14 सितंबर को कुछ उपजातियों पर कथित टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।

Image

रामभद्राचार्य के खिलाफ मानहानि केस पर आज प्रयागराज कोर्ट में सुनवाई (File Photo)

Photo : PTI

तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य के एक पुराने बयान से जुड़े मानहानि मामले पर सोमवार को प्रयागराज की जिला अदालत में सुनवाई होगी। यह मामला ब्राह्मणों की कुछ उपजातियों को लेकर उनके द्वारा की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा हुआ है। अदालत ने पहले इस मामले में केस दर्ज करने का आदेश दिया था और स्वामी रामभद्राचार्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुरेश चंद्र उपाध्याय ने दाखिल किया परिवाद

वाराणसी के रहने वाले याचिकाकर्ता सुरेश चंद्र उपाध्याय ने 14 सितंबर 2026 को अदालत में यह परिवाद दाखिल किया था। शिकायतकर्ता ने स्वामी रामभद्राचार्य के खिलाफ मानहानि के अपराध में कार्रवाई करने, उन्हें अदालत में तलब करने और दंडित करने की मांग की है। मामले में एसीजेएम कोर्ट संख्या-8 ने परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया था। इसके साथ ही रामभद्राचार्य को नोटिस जारी किया गया था। अब सुनवाई के दौरान उनके पक्ष से जवाब दिए जाने की बात है।

वृंदावन में भागवत कथा के दौरान टिप्पणी का आरोप

याचिकाकर्ता के मुताबिक, स्वामी रामभद्राचार्य ने 3 फरवरी 2024 को वृंदावन में भागवत कथा के दौरान ब्राह्मणों की कुछ उपजातियों को लेकर टिप्पणी की थी। इसमें उपाध्याय, चौबे, त्रिगुणायत, दीक्षित और पाठक समुदायों का जिक्र किया गया था। शिकायत में रामभद्राचार्य के हवाले से कहा गया है कि कुछ ब्राह्मण समुदायों को उनके यहां उच्च कुल का नहीं माना जाता और उनके साथ वैवाहिक संबंध नहीं बनाए जाते। बयान में विद्यार्थियों को पढ़ाने के बदले पैसे लेने का भी जिक्र था।

शिकायतकर्ता ने शादी-विवाह में बाधा आने का दावा किया

सुरेश चंद्र उपाध्याय का आरोप है कि रामभद्राचार्य एक संत हैं और उनके अनुयायी उनकी बातों को महत्व देते हैं। इस तरह के बयान के बाद उपाध्याय समाज को लोग हेय दृष्टि से देखने लगे हैं, जिससे समाज के युवाओं और युवतियों की शादियों में रुकावटें आने लगी हैं। याचिकाकर्ता का यह भी कहना है कि पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर उन्हें कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। सोमवार को होने वाली सुनवाई में अदालत के समक्ष इसी परिवाद पर आगे की कार्यवाही होगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article