Festive Season Online Shopping: फेस्टिव सीजन (Festive Season) में ई-कॉमर्स वेबसाइट पर सेल, डिस्काउंट और बैंक ऑफर्स की भरमार रहती है। कपड़े, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर घर के सामान तक, हर चीज पर आकर्षक डील मिलती है। ऐसे में लोग कम कीमत पर खरीदारी करने के चक्कर में कई बार ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ जाता है। अगर आप भी त्योहारों पर ऑनलाइन शॉपिंग (Online Shopping) करने की योजना बना रहे हैं तो इन 10 जरूरी बातों का ध्यान जरूर रखें-
वेबसाइट की प्रामाणिकता जांचें
ऑनलाइन सामान खरीदने से पहले वेबसाइट की प्रामाणिकता जांच लें। अनजान वेबसाइटों पर भारी डिस्काउंट देखकर तुरंत ऑर्डर न करें। वेबसाइट का यूआरएल ध्यान से देखें और किसी संदिग्ध लिंक से खरीदारी करने से बचें।
अलग-अलग वेबसाइट पर प्रोडक्ट सर्च करें
कई बार बड़ी छूट दिखाकर ग्राहकों को आकर्षित किया जाता है। खरीदारी से पहले अलग-अलग वेबसाइट पर उसी प्रोडक्ट की कीमत की तुलना करें। इससे पता चलेगा कि ऑफर वास्तव में फायदेमंद है या नहीं।
दूसरे कस्टमर के रिव्यू भी चेक करें
प्रोडक्ट खरीदने से पहले दूसरे कस्टमर के रिव्यू, रेटिंग और रियल इमेज देखें। केवल 5 स्टार रेटिंग पर भरोसा न करें। नेगेटिव कमेंट्स भी पढ़ें, ताकि प्रोडक्ट की क्वालिटी और कमियों का अंदाजा लग सके।
प्रोडक्ट रिटर्न पॉलिसी चेक करें
ऑर्डर करने से पहले देखें कि प्रोडक्ट वापस किया जा सकता है या नहीं। रिफंड मिलने में कितना समय लगेगा और किन परिस्थितियों में रिटर्न स्वीकार होगा, इन सभी चीजों को पहले ही चेक कर लें।
सेफ पेमेंट गेटवे का इस्तेमाल करें
हमेशा सुरक्षित पेमेंट गेटवे का इस्तेमाल करें। पेमेंट करते समय वेबसाइट को ठीक तरह से चेक कर लें। अनजान व्यक्ति को सीधे पैसे ट्रांसफर करने से बचें।
अनजान कॉलर को बैंकिंग डिटेल्स शेयर न करें
किसी भी अनजान कॉलर या मैसेज के साथ OTP, UPI PIN, CVV या बैंकिंग पासवर्ड शेयर न करें। असली डिलीवरी या कस्टमर केयर प्रतिनिधि के नाम पर भी ऐसी जानकारी मांगने वालों से सावधान रहें।
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
सोशल मीडिया, SMS या WhatsApp पर मिलने वाले संदिग्ध डिस्काउंट लिंक पर क्लिक न करें। ये फिशिंग या धोखाधड़ी का जरिया हो सकते हैं।
प्रोडक्ट की कीमत और दूसरे चार्ज भी देखें
प्रोडक्ट की कीमत के साथ डिलीवरी चार्ज, प्लेटफॉर्म फीस और दूसरे शुल्क भी देखें। बैंक डिस्काउंट की शर्तें पढ़ें, ताकि पेमेंट के समय बजट न बिगड़े।
जरूरी चीजों की लिस्ट बनाएं
केवल सेल चलने के कारण गैरजरूरी सामान न खरीदें। पहले जरूरी चीजों की लिस्ट बनाएं और तय बजट के भीतर खरीदारी करें। क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल भी अपनी भुगतान क्षमता के अनुसार करें।
ऑर्डर डिटेल्स हमेशा संभाल कर रखें
ऑर्डर कन्फर्मेशन, बिल, पेमेंट रसीद और ट्रांजैक्शन आईडी सुरक्षित रखें। डिलीवरी के समय पैकेज का स्टेटस चेक करें। गलत सामान मिलने या धोखाधड़ी होने पर ये रिकॉर्ड शिकायत दर्ज कराने में मदद करेंगे।
