जयपुर

सांगानेर में देश की पहली ओपन जेल में बनेगा 300 बेड का अस्पताल

राजस्थान के सांगानेर में अपनी तरह की देश की पहली जेल मौजूद है। यहां देश की पहली ओपन एयर जेल परिसर के अंदर ही 300 बेड का सैटेलाइट अस्पताल बनाने की मंजूरी सुप्रीम कोर्ट से राज्य सरकार को मिल गई है।

Image

सुप्रीम कोर्ट ने दी अस्पताल बनाने की मंजूरी (फोटो - AI Images)

सुप्रीम कोर्ट ने सांगानेर स्थित देश की पहली ओपन एयर जेल के परिसर में 22,232 वर्गमीटर जमीन पर 300 बेड का सैटेलाइट अस्पताल बनाने की मंजूरी राज्य सरकार को दे दी है। कोर्ट ने राज्य के मुख्य सचिव को अवमानना की कार्रवाई से मुक्त कर दिया और साथ निर्देश दिया कि सरकार रजिस्ट्रार की सिफारिशों के अनुसार ही जेल परिसर और अस्पताल का निर्माण करेगी।

सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश प्रसून गोस्वामी की अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। राज्य सरकार की तरफ से सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता और एएजी शिवमंगल शर्मा ने बताया कि रजिस्ट्रार की रिपोर्ट के बाद सरकार ने 17,800 वर्गमीटर और 14,940 वर्गमीटर जमीन पर नए जेल ढांचे का निर्माण करने का निर्णय लिया है। जब तक नया जेल भवन तैयार नहीं हो जाता, तब तक मौजूदा जेल भवन को खाली नहीं किया जाएगा।

यहां अस्पताल का निर्माण भी चरणबद्ध तरीके से होगा, ताकि कौदियों के जीवन की स्थिति किसी भी तरह से प्रभावित न हो। रजिस्ट्रार ने 6 दिसंबर 2024 को सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें कहा गया था कि कुल जमीन में से 22,232 वर्गमीटर पर सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण किया जा सकता है।

अवमानना याचिका में आरोप था कि 17 मई 2024 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद, जो ओपन जेल की जमीन को कम न करने और संरक्षित करने के लिए था, जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने 30 जुलाई 2024 को उसी जमीन पर सैटेलाइट अस्पताल के लिए आवंटन मंजूर कर दिया था, जो आदेश की अवमानना है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्पष्ट निर्देश देते हुए सरकार को हलफनामा दाखिल करने को कहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article