Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के चोंप में स्थित क्रिकेट स्टेडियम दुनिया का तीसरा और भारत का दूसरा सबसे बड़ा दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम है। लेकिन पिछले दो वर्षों से स्टेडियम का निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। बता दें कि इस स्टेडियम का निर्माण हिंदुस्तान जिंक द्वारा 300 करोड़ रुपये की लागत के तहत किया जा रहा था, जिसमें से अब तक 191 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
क्या रखा गया था देश के दूसरे सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का नाम
चोंप में स्थित दुनिया के तीसरे और भारत के दूसरे सबसे बड़े स्टेडियम का नाम अनिल अग्रवाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रखा जाना था। बता दें कि हाल ही में अनिल अग्रवाल की मुख्यमंत्री और आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर से मुलाकात हुई, जिससे स्टेडियम के निर्माण कार्य को फिर से शुरू करने की संभावनाएं बढ़ गई।
कौन नहीं हो सकेगा चयन समितियों में शामिल
इसके अलावा, मिराज ग्रुप ने नाथद्वारा में 30,000 दर्शक क्षमता वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के लिए आरसीए को एक प्रस्ताव दिया है। आरसीए कन्वीनर ने इस प्रस्ताव की पुष्टि की और कहा कि शर्तों पर विचार-विमर्श चल रहा है। आरसीए में चयन समितियों के गठन की प्रक्रिया भी चल रही है, जिसमें कन्वीनर ने स्पष्ट किया कि जो लोग एकेडमियां चला रहे हैं, वे चयन समितियों में शामिल नहीं होंगे। इसके अलावा, आरसीए एडहॉक कमेटी ने 14 पूर्व क्रिकेटरों की जम्बो कमेटी का गठन किया है, जिसकी पहली बैठक शुक्रवार को होगी। इस बैठक में 2025-26 के कैलेंडर और कैम्पों के बारे में चर्चा की जाएगी। कन्वीनर ने कहा कि अच्छे सुझावों पर अमल किया जाएगा।
