Ajmer Road Accident: राजस्थान के अजमेर में आज सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। जिससे कार सवार व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि चालक सहित सात अन्य लोग घायल हो गये। कार सवार लोग सीकर के खाटू श्याम मंदिर में पूजा अर्चना कर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया।
जयपुर-अजमेर हाईवे पर हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि हादसा जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर किशनगढ़ में बांदरसिंदरी थाना इलाके के पाटन में हुआ। थानाधिकारी पारूल यादव के अनुसार हादसे में कार सवार किशनगढ़ के यूआईटी कॉलोनी निवासी रवि सिन्धी (35) और उसकी डेढ़ साल की बेटी की मौत हो गई। उन्होंने बताया पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने बताया कि हादसे में रवि की पत्नी पूनम (34), बड़ी बेटी साक्षी (9), उसकी मां पुष्पा (58), अजमेर निवासी मुकेश (38), मुकेश की पत्नी भूमिका (37), उनकी बेटी रवीना (14) और कार चालक जितेन्द्र (32) घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
