Rajasthan Weather Today: उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिल रहा है। ठंड के साथ कई राज्य और शहर कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं। इस बीच राजस्थान में भी मौसम बदलने लगा है। न्यूनतम तापमान में कमी आने से ठंड बढ़ने लगी है। सुबह-शाम गुलाबी ठंड के बीच कोहरा भी बढ़ने लगा है। कोहरे की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट भी जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस साल प्रदेश में सामान्य से अधिक ठंड पड़ेगी। जिस प्रकार इस साल मानसून के दौरान रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई थी, उसी प्रकार इस बार ठंड भी अधिक होगी। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
राजस्थान में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को राजस्थान के कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिलेगा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी पर भी असर पड़ेगा। कम विजिबिलिटी होने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। इस बीच दिन के समय मौसम साफ बना रहेगा। शाम होते ही तापमान में गिरावट आएगी और हल्की ठंड महसूस की जाएगी। रात होते ठंड का स्तर और बढ़ेगा और हल्की ठिठुरन महसूस होगी।
राजस्थान में बढ़ेगा कोहरे का कहर
आईएमडी ने कोहरे को लेकर अपडेट जारी किया है। इस अपडेट के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर 18 नवंबर तक घना कोहरा छाया रह सकता है। कोहरा सुबह और शाम के दौरान अधिक होगा। दिन के समय मौसम साफ रहेगा।
राजस्थान के प्रमुख जिलों का तापमान
शुक्रवार को राजस्थान के बाड़मेर का तापमान 34.3 डिग्री, जोधपुर का 34.3 डिग्री, फलोदी का 34.3 डिग्री, धौलपुर 33.3 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 33 डिग्री, बीकानेर में 33 डिग्री, भीलवाड़ा में 32, अजमेर में 31.9, कोटा में 31.8, सीकर में 31.5, जयपुर में 31.4, अलवर में 30.5, गंगानगर 26 और माउंट आबू में 21.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
