Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में मौसम करवट ले रहा है, साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। 14 नवंबर को आए नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बिहार में ठंड बढ़ रही है। साथ ही कई जिलों में सुबह और रात के समय घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने बिहार में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक तापमान गिरने की संभावना जताई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि बिहार में पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने के साथ ही ठंड भी बढ़ती जाएगी।
इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के 12 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 7 जिलों में येलो अलर्ट है। 17 नवंबर को बिहार के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, शिवहर, मधुबनी, बेतिया और सीतामढ़ी शामिल हैं। घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी भी कम रहने की आशंका है। जिसको देखते हुए वाहन चालकों से गाड़ी चलाते समय सावधानी बरतने की भी अपील की गई है।
बांका का तापमान रहा सबसे कम
बिहार में शुक्रवार को सबसे कम तापमान बांका में दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री रहा। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं औरंगाबाद का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री, जमुई का 15.2 डिग्री, अरवल का 15.6 डिग्री, गया का 16.5 डिग्री, मोतिहारी का 15.8, बक्सर का 16.3 डिग्री, वैशाली का 16.7 डिग्री और छपरा का 16.2 डिग्री दर्ज किया गया है।
बिहार की हवा खराब
बिहार के कई जिले प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। कई इलाकों में हवा खराब स्तर पर दर्ज की जा रही है। सहरसा में एक्यूआई 357, कटिहार में 289, मुंगेर में 252, हाजीपुर में 257, किशनगंज में 229, मुजफ्फरपुर में 226, अररिया में 243, पूर्णिया में 249, भागलपुर में 209 और राजगीर में 217 दर्ज किया गया है। हवा की खराब क्वालिटी के चलते लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के रोगियों को इससे बुरा प्रभाव हो रहा है।
