जयपुर

Sukhdev Singh Gogamedi Murder: राजस्‍थान बंद का प्रदेश भर में दिखा असर, विरोध में कई जगह प्रदर्शन, हत्यारों की तलाश जारी

Sukhdev Singh Gogamedi Murder: जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया कि मंगलवार को गोगामेड़ी और खुद अपने साथ आए नवीन सिंह शेखावत की गोली मारकर हत्या करने वाले दो हमलावरों पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है।

Image

जयपुर में प्रदर्शन।

Sukhdev Singh Gogamedi Murder: श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में बुधवार को राजस्थान में कई जगह प्रदर्शन हुए। फिलहाल कहीं से हिंसा की कोई खबर नहीं है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़कों पर सन्‍नाटा, स्‍कूल भी बंद

राजपूत समुदाय के लोगों ने जयपुर के खातीपुरा इलाके में प्रदर्शन किया, जहां से उन्होंने बाजार बंद कराने के लिए दूसरे हिस्सों में कूच किया। गोगामेड़ी समर्थकों ने हत्या के विरोध में जयपुर बंद की घोषणा की है। इस कारण सभी बाजार बंद रहे व सड़कों पर यातायात कम रहा। राजधानी जयपुर में कई स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उमेश मिश्रा ने गोगामेड़ी हत्याकांड की सघन जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी- अपराध) दिनेश एमएन की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डीजीपी ने बताया कि गोगामेड़ी हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों की पहचान हो गई है और पुलिस ने तलाशी अभियान भी चलाया है।

शिनाख्‍त के बाद आरोपियों की तलाश

जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया कि मंगलवार को गोगामेड़ी और खुद अपने साथ आए नवीन सिंह शेखावत की गोली मारकर हत्या करने वाले दो हमलावरों पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘एक आरोपी हरियाणा का है और दूसरा राजस्थान का है।’ गोगामेड़ी की मंगलवार को यहां श्यामनगर में उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने अपने साथ आए नवीन सिंह शेखावत की भी गोली मारकर हत्या कर दी। जोसेफ ने बताया कि दोनों आरोपी गोगामेड़ी के परिचित नवीन सिंह के माध्यम से गोगामेड़ी के घर तक पहुंचे थे। उनके अनुसार, यह जांच का विषय है कि कपड़े की दुकान चलाने वाले शेखावत को दोनों हमलावरों के इरादों की जानकारी थी या नहीं।

'सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम'

गोगामेड़ी हत्याकांड के विरोध में राजपूत समाज ने बुधवार को जयपुर बंद की घोषणा की। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने गोगामेड़ी को सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिदेशक को हटाने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब पुलिस से सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी लेकिन राजस्थान पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की। यह साफ तौर पर पुलिस की विफलता है। पुलिस महानिदेशक को हटाया जाना चाहिए, लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’मकराना ने कहा कि आरोपियों को नहीं पकड़े जाने पर राजपूत समाज में भारी आक्रोश है और वे देशभर में विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना से न केवल राजपूत समाज, बल्कि 'सर्व समाज' आक्रोशित है।

प्रदेश भर में व्‍यापक प्रदर्शन

राजस्‍थान बंद के दौरान कुछ लोगों ने जयपुर में खातीपुरा सड़क को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में राजपूत समाज के लोग जयपुर के मानसरोवर इलाके में मेट्रो मास अस्पताल के बाहर बैठे हैं जहां गोगामेड़ी का शव रखा गया है। जोधपुर व उदयपुर से भी प्रदर्शन की खबरें हैं लेकिन कहीं कोई हिंसा नहीं हुई। समाज के लोगों और करणी सेना के कार्यकर्ताओं जयपुर के बाजार बंद करवा दिए। इस आंदोलन का असर कई और शहरों में भी देखने को मिला। आंदोलन को देखते हुए आम लोग यात्रा करने से बचे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट पर हत्या की जिम्मेदारी ली है। गोगामेड़ी के समर्थकों ने मारे गए नेता के परिवार के लिए 11 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।

वहीं सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के मद्देनजर राज्यपाल मिश्र ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की विशेष बैठक ली। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

राज्‍यपाल ने मांगी रिपोर्ट

राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि मिश्र ने बुधवार को राज्य की मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और जयपुर के पुलिस आयुक्त को राजभवन बुलाकर राज्य की कानून एवं शांति व्यवस्था की विशेष समीक्षा की। मिश्र ने कहा कि राज्य में शूटरों द्वारा दिन दहाड़े हत्या गंभीर मामला है। उन्होंने इस संगठित अपराध से उपजे हालात पर निरंतर निगरानी रखे जाने की हिदायत दी। विशेष रूप से उन्होंने अपराधियों को पकड़ने के लिए पुख्ता कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून एवं शांति व्यवस्था किसी भी स्तर पर नहीं बिगड़े, इसके लिए पुलिस और प्रशासन सभी स्तरों पर प्रभावी कदम उठाए।

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article