Rajasthan Crime News: राजस्थान में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धौलपुर और चूरू से खतरनाक AK-47 राइफलें बरामद की हैं। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और हरियाणा पुलिस समेत कई सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। गुरुवार को एनआईए और हरियाणा पुलिस की टीमें धौलपुर पहुंचीं और गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ शुरू की।
4 जून को जीतू चंबल और पिता को किया अरेस्ट
AGTF ने 4 जून को धौलपुर के राजाखेड़ा इलाके से डकैत रामदत्त चंबल के भाई जीतू चंबल और उसके पिता को गिरफ्तार किया था। उनके पास से एके-47 राइफल भी बरामद हुई थी। इन आरोपियों से पूछताछ के बाद जयपुर से शिवराज नाम के शख्स को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद चूरू जिले से जीतू जोड़ी को पकड़ा गया, जिसके खेत से एक और AK-47 राइफल बरामद हुई।
लॉरेंश गैंग का नेटवर्क कहां तक है फैला?
गिरफ्तार किए गए जीतू जोड़ी का कनेक्शन कुख्यात लॉरेंस गैंग से पाया गया है। जानकारी मिली है कि वह हरियाणा के कई गैंगस्टरों के साथ भी संपर्क में है। पूछताछ में जीतू ने खुलासा किया कि ये हथियार लॉरेंस गैंग के सदस्य रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण द्वारा भेजे गए थे। इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए AGTF ने उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। अब तक की जांच में 12 से ज्यादा संदिग्धों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क राजस्थान के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब और दिल्ली तक फैला हुआ है।
