जयपुर

PM Kisan App के नाम पर राजस्थान में किसानों के साथ फर्जी एप से साइबर ठगी, इस Helpline नंबर पर करें कॉल

PM किसान सम्मान निधि योजना के नाम पर इन दिनों सोशल मीडिया पर साइबर ठगों ने विभिन्न प्रकार के फर्जी ऐप्स बना लिए हैं, इन फर्जी एप्स की मदद से ये साइबर ठग भोले-भाले लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। अगर आप ठगी का शिकार होते हैं तो हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत करें।

Image

राजस्थान में फर्जी पीएम किसान ऐप से स्कैम (फोटो - AI Image)

किसानों तक आर्थिक मदद पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एक बहुत ही अहम योजना है। इसके तहत केंद्र सरकार की तरफ से किसानों को आर्थिक मदद दी जाती है। लेकिन भोले-भाले किसान भाई कई बार इस योजना के नाम पर उन ठगों के चंगुल में फंस जाते हैं, उनकी छोटी सी कमाई पर गिद्द दृष्टि जमाए बैठे हैं। ये ठग साइबर क्राइम के जरिए किसानों को निशाना बनाते हैं और उनके बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के नाम पर भोले-भाले किसानों को ठगने के लिए साइबर ठगों ने एक फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन ही बना डाली। फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन बनाकर ठगों ने लोगों को ठगने का नया तरीका अपनाया है। ये ठग सोशल मीडिया पर दावा कर रहे हैं कि वे पीएम किसान योजना की आधिकारिक एप्लिकेशन है, जिससे लोग आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक जयपुर साइबर क्राइम के एसपी शांतनु कुमार ने बताया कि ठग वॉट्सऐप ग्रुप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर फर्जी एपीके फाइल के लिंक शेयर कर रहे हैं। जब किसान सम्मान निधि के लाभार्थी या रजिस्ट्रेशन करने के इच्छुक लोग इन एप्लिकेशनों को डाउनलोड करते हैं, तो उनके मोबाइल में बैकडोर मैलवेयर इंस्टॉल हो जाता है, जिससे ठगों को उनके मोबाइल पर कंट्रोल मिल जाता है।

इसके बाद, वे मोबाइल स्क्रीन रिकॉर्डिंग, ओटीपी, और बैंकिंग एप्स की जानकारी चुरा लेते हैं। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और बताया है कि पीएम किसान योजना में रजिस्ट्रेशन सिर्फ तहसील स्तर के कृषि कार्यालय, केंद्र सरकार के पोर्टल या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिए किया जा सकता है।

आधिकारिक जानकारी के लिए लोग केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जा सकते हैं। एप डाउनलोड करने से पहले ऐप स्टोर या प्ले स्टोर पर उसकी जांच अच्छे से कर लें। अगर आपके साथ किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या https://cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article