Ram Mandir Replica in Jaipur: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का समारोह सफलतापूर्वक हो गया है। पूरे भारत में राम मंदिर को लेकर धूम मची हुई है। राम के आगमन के बाद पूरे भारत में दीप जलाकर दिवाली के उत्सव की तरह से इस दिन को मनाया गया है। इसी बीच राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी अयोध्या का नजारा देखने को मिला है। यहां के रामनिवास बाद में राम मंदिर के जैसी भव्य प्रतिकृति का निर्माण किया गया है। एक तरफ राम मंदिर का उद्घाटन हुआ। वहीं दूसरी तरह राजस्थान के जयपुर में राम मंदिर की भव्य प्रतिकृति का अनावरण राज्य के सीएम द्वारा किया गया है।
जयपुर में भी राम मंदिर
अयोध्या के राम मंदिर के जैसी प्रतिकृति जयपुर में भी तैयार की गई है। इसके निर्माण के लिए कोलकाता से कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। बता दें कि ये प्रतिकृति जयपुर के रामनिवास बाग में स्थित अल्बर्ट हॉल में बनाई गई है। राम मंदिर की ये प्रतिकृति 35 फीट की है। इसका अनावरण करने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शाम 5 बजे किया गया था। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम दिया कुमार और प्रेमचंद बैरवा भी शामिल हुए थे। जिस प्रकार राम मंदिर बना है वैसे ही इस प्रतिकृति को बनाया गया है। इसमें प्रभु श्रीराम की प्रतिमा को भी बनाया है। अयोध्या राम मंदिर की प्रतिकृति के अनावरण के बाद 51 पंडितों ने मंत्रोच्चार करते हुए प्रभु श्रीराम की वैदिक महाआरती भी की।
रामनिवास बाग बना जयपुर की मिनी अयोध्या
रामनिवास बाद में राम मंदिर की प्रतिकृति के अनावरण के बाद यहां 1 लाख 11 हजार दीपक जलाए गए थे। इन दीपों की रौशनी से पूरा रामनिवास बाग और अल्बर्ट हॉल जगमगा उठा था। दीपक का प्रज्जवलन में राम मंदिर, ॐ, स्वास्तिक और अन्य उभार शामिल किए गए थे। रामनिवास बाग अल्बर्ट हॉल को पूरा अयोध्या जैसा सजाने का प्रयास किया गया था। इस दिन को सभी के लिए यादगार बनाने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसमें भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभायात्रा, संगीत प्रस्तुतियां व लेजर शो शामिल था। बता दें कि इस 300 ड्रोन और लेजर शो से रात के अंधेरे आसमान में प्रभु श्रीराम की और अन्य सनातन प्रतीक की आकृति बनाई गई थी। ये आकर्षण का केंद्र बना गया था।
