Philippines Passenger Ferry Fire: फिलीपींस के पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। मनीला से कोरोन (पालवान प्रांत) जा रही एक यात्री फेरी 'एमवी जून एस्टर' (MV June Aster) में अचानक भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में कम से कम 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
फिलीपींस कोस्ट गार्ड (Philippine Coast Guard) की टीम मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
134 लोग थे सवार, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
तटरक्षक बल की प्रवक्ता कमोडोर नोएमी कायाबयाब (Commodore Noemie Cayabyab) ने एक रेडियो साक्षात्कार में हादसे की पुष्टि करते हुए बताया, 'दुर्घटनाग्रस्त फेरी में कुल 134 लोग सवार थे, जिनमें 117 यात्री और 17 क्रू मेंबर्स (नाविक दल) शामिल थे।' बताया गया कि अब तक 42 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
लापता लोगों का आंकड़ा: शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार लगभग 87 लोग लापता बताए जा रहे हैं, लेकिन बचाव अभियान जारी रहने के कारण इस संख्या में बदलाव हो सकता है।
मनीला से पालवान जा रही थी फेरी
तटरक्षक बल के अनुसार, यात्री फेरी 'MV June Aster' राजधानी मनीला से रवाना हुई थी और बुधवार को जब यह पालवान प्रांत के कोरोन (Coron) द्वीप के पास पहुंची, तभी जहाज में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
