जयपुर

अब ढाई घंटे में पहुंचे गुरुग्राम से Pink City, बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे बनकर तैयार; जानें कब होगा उद्घाटन

राजस्थान में बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है। अब इसके उद्घाटन का इंतजार है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से गुरुग्राम और जयपुर के बीच का सफर सिर्फ ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा। साथ ही इससे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रसेवे से जयपुर की सीधी कनेक्टिविटी होगी।

Image

सांकेतिक फोटो

Bandikui-Jaipur Expressway: राजस्थान में बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो गया है। इसका निर्माण तय समय से पहले ही पूरा कर लिया है। अगले महीने पर इस एक्सप्रेसवे की टेस्टिंग की जा सकती है। जिसके बाद किसी भी दिन इसका औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया जा सकता है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से जयपुर और दिल्ली के बीच का सफर और आसान हो जाएगा। वहीं जयपुर से गुरुग्राम की दूरी भी महज ढाई घंटे में तय हो जाएगी।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जयपुर की सीधी कनेक्टिविटी

यह फोर लेन एक्सप्रेसवे जयपुर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधा जोड़ता है। इसे राजस्थान के दौसा में बांदीकुई से जयपुर तक बनाया गया है। यह एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे 67 किमी लंबा है। इसका निर्माण कार्य पूरा करने के लिए मई के अंत तक लक्ष्य तय किया गया था। लेकिन यह तय समय से पहले ही पूरा हो गया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप अत्री के अनुसार, यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह बनकर तैयार है और अब इस पर लोडिंग प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाएगा।

बांदीकुई से जयपुर आधे घंटे में पहुंचेंगे

बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगे। इसके चालू होने के बाद बांदीकुई से जयपुर की दूरी महज 25 से 30 मिनट में भी तय की जा सकेगी। अभी तक यह दूरी तय करने में एक घंटे से ज्यादा समय लगता है। बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे बनने के बाद लोगों के पास जयपुर जाने के लिए दो विकल्प होंगे- दिल्ली-जयपुर हाईवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे। लेकिन इसके शुरू होने से लोगों का झुकाव दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर ज्यादा बढ़ेगा।

गुरुग्राम से वडोदरा की दूरी होगी कम

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे करीब 95,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा है। इसके रणथंभौर तक के हिस्सा का निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। अब वडोदरा तक के हिस्से के पूरा होने का लोगों को इंतजार है। इस हिस्से के बनने के बाद गुरुग्राम से वडोदरा का सफर आसान हो जाएगा। इस सफर को तय करने में अभी 20 से 22 घंटे लगते हैं। लेकिन इस हिस्से के निर्माण के बाद यह दूरी महज 10 से 12 घंटे में पूरी हो सकेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article