Rajasthan: राजस्थान में एक शख्स की मौत सही समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण हो गई है। शख्स के परिवार वाले कोशिश करते रहे लेकिन मरीज ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। हुआ यूं कि जिस एंबुलेंस से शख्स को अस्पताल ले जाया जा रहा था, उसका बीच रास्ते में ही तेल खत्म हो गया।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से यह शर्मनाक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार बांसवाड़ा जिले के दानापुर गांव में तेजिया नाम का 40 वर्षीय व्यक्ति अचानक बेहोश हो गया। इसके बाद परिजन एंबुलेंस बुलाकर मरीज को जिला अस्पताल ले जाने लगे। बांसवाड़ा से करीब 10-12 किलोमीटर दूर रतलाम रोड टोल प्लाजा के पास एंबुलेंस अचानक रुक गई।
जब मरीज के परिजनों ने एंबुलेंस के रुकने का कारण पूछा तो उन्हें बताया गया कि डीजल खत्म हो गया है। उसके बाद मरीज की बेटी और दामाद ने करीब एक किलोमीटर तक एंबुलेंस को धक्का दिया, लेकिन वो इससे पहले की अस्पताल पहुंच पाते, मरीज की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपनी बेटी के घर आया हुआ था, वो पिछले तीन महीने से वहीं रह रहा था। गुरुवार को बेहोशी की हालत में वह खेत में गिर पड़ा। जिसके बाद एंबुलेंस को बुलाया गया था। रिपोर्टों के मुताबिक एंबुलेंस का तेल खत्म होने के बाद तेजिया के परिवार ने 500 रुपये का डीजल भी खरीदा था। डीजल डालने के बावजूद एंबुलेंस नहीं चली, जिसके बाद दूसरी एंबुलेंस भेजी गई। उसे वहां पहुंचने में लगभग एक घंटे का समय लगा और जिसके कारण शख्स की मृत्यु हो गई।
