Jabalpur Boat Tragedy: मध्य प्रदेश के बरगी डैम में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बरगी डैम में आंधी-तूफान के चलते पर्यटकों से भरा एक क्रूज पलट गया। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य अभी लापता बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि क्रूज में 35 से अधिक पर्यटक सवार थे। अचानक मौसम बिगड़ने की वजह से क्रूज का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद यह हादसा हुआ। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन को तत्काल इसकी सूचना दी गई।
राहत एवं बचाव अभियान जारी
हादसे के तत्काल बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया। एसडीआरएफ लापता लोगों की तलाश कर रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हुई क्रूज Madhya Pradesh Tourism Development Corporation (MPT) द्वारा संचालित की जाती है। हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों और मौसम संबंधी सतर्कता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बरगी शहर के पुलिस अधीक्षक (CSP) अंजुल मिश्रा ने बताया कि बरगी डैम में क्रूज के लिए कुल 29 टिकट जारी किए गए थे। इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। 15 को सुरक्षित बचा लिया गया है और करीब 14 लोग लापता है, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
पूर्व CM ने की मजिस्ट्रेट जांच की मांग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने क्रूज हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन से मजिस्ट्रेट जांच की मांग की। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना बेहद पीड़ादायक है। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें।''
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन से अपील है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और लापता लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने के हर संभव प्रयास किए जाएं। प्रशासन को मजिस्ट्रेट जांच का आदेश देना चाहिए और क्रूज के ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि गुरुवार की शाम अचानक आए तेज तूफान की वजह से पानी में लहरें उठने लगीं। इसी दौरान क्रूज ने अपना संतुलन खो दिया और पलटकर डूब गया। जबलपुर के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह घटना की सूचना मिलते ही बरगी डैम के लिए रवाना हो गए। इस मामले पर प्रशासन अपनी करीब नजर बनाए हुए है।
