Mumbai News: मुंबई के एक होटल में IPL 2026 से जुड़े 76 वर्षीय ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट इंजीनियर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उन्हें होटल के कमरे में बेहोश पाया गया। जिसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को पोस्टमार्टम में भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला। जिसके बाद अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मुंबई होटल में विदेशी इंजीनियर की रहस्यमयी मौत
मृतक की पहचान 76 वर्षीय जान विलियम लैंगफोर्ड के रूप में हुई है, जो बीसीसीआई (BCCI) के साथ IPL 2026 मैचों के लिए ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, लैंगफोर्ड पिछले कुछ दिनों से साउथ मुंबई के एक होटल में ठहरे हुए थे। मुंबई में वे आईपीएल मैच कवरेज से जुड़े काम में लगे हुए थे। 29 मार्च को मैच खत्म होने के बाद वे होटल में अपने कमरे में लौटे थे। 30 मार्च को उन्हें रिसेप्शन से कॉल किया गया। लेकिन रूम से कोई जवाब नहीं मिला।
पोस्टमॉर्टम में नहीं मिला कोई संदिग्ध सुराग
जब होटल स्टाफ उनके कमरे तक पहुंचा, तो अंदर से किसी ने गेट नहीं खोला और न ही कोई प्रतिक्रिया मिली। जिसके बाद होटल स्टाफ मास्टर की के जरिए कमरे का गेट खोला। लेकिन अंदर लैंगफौर्ड को बेहोशी की हालत में पाया। उन्हें तुरंत बॉम्बे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फिलहाल किसी तरह की संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। जिसके बाद पुलिस इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का केस दर्ज कर जांच कर रही है।
